कैथल। एटीएम कार्ड बदलकर एक आरोपी ने एक व्यक्ति के खाते से 38 हजार रुपये निकलवा लिए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सीवन गेट कैथल निवासी कृष्ण कुमार ने शहर थाना में शिकायत दी कि 14 अक्तूबर को वह एटीएम से रुपये निकलवाने के लिए आंबेडकर चौक स्थित एटीएम पर गया था। वहां उसने रुपये निकलवाने का प्रयास किया, लेकिन नहीं निकले। उसी समय उसके पास एक लड़का खड़ा था। उसने सहायता करने के बहाने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया। बाद में आरोपी ने उसके खाते से 38 हजार रुपये निकाल लिए। ऐसा करके आरोपी ने उसके साथ ठगी की है। थाना प्रभारी बीरसिंह ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।चोरी के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी
कैथल। शहर क्षेत्र से टावर के उपकरण चोरी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी गांव बरोट निवासी मनीष को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दालमवाला निवासी रणबीर सिंह की शिकायत के अनुसार वह टावर की कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्य करता है। शक्ति नगर कैथल में लगे टावर से आठ अप्रैल को अज्ञात व्यक्तियों ने टावर के ऊपर लगे दो उपकरणों को चोरी कर लिया था। मामले में पहले ही पांच अन्य आरोपी काबू किए जा चुके हैं। आरोपी मनीष भी उक्त चोरी की वारदात में शामिल था। आरोपी के कब्जे से 500 रुपये बरामद कर न्यायिक हिरासत में उसे जेल भेज दिया गया है। संवाद