संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। पत्नी को आंगनबाड़ी में नौकरी लगवाने के नाम पर तीन आरोपियों ने एक व्यक्ति से तीन लाख 30 हजार रुपये की ठगी की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खेड़ी गुलाम अली गांव निवासी संदीप ने शहर थाना में शिकायत दी कि उसकी पत्नी बीमार रहती थी। किसी ने उसे बताया कि कुलदीप सैणी चंदाना गेट पर यूनिक ज्योतिष केंद्र चलाता है, तुम वहां पर अपनी कुंडली दिखाओ। उसके बाद वह अपनी पत्नी को लेकर वहां पर चला गया। उनकी जान-पहचान अच्छी हो गई। एक दिन कुलदीप सैनी पूछने लगा कि तुम्हारी पत्नी कविता क्या करती है तो उसने कहा कि एमए करने के बाद घर पर ही रहती है।
कुलदीप ने कहा कि वह उसकी पत्नी को आंगनबाडी में नौकरी लगवा देगा। इसके लिए 2.5 लाख रुपये लगेंगे। उसने अपनी पत्नी के दस्तावेज कुलदीप को दे दिए व फोन के माध्यम से कुलदीप के पास 60 हजार रुपये एडवांस भेज दिए। आरोपी कहने लगा कि आंगनबाडी में एनटीटी की भर्ती आई हुई है। अगर कोई तुम्हारा जानकार है जिसे आंगनबाडी में नौकरी लगना है तो काम सस्ते में हो जाएगा। इस पर उसने अपने चार-पांच पांच रिश्तेदारों के तीन लाख 70 हजार रुपये कुलदीप व उसकी पत्नी कौशल्या को दे दिए। सभी के कागजात भी कुलदीप ने ले लिए।
कुछ दिन बाद कुलदीप ने फोन के माध्यम से ज्वाईनिंग लैटर व फर्जी लिस्ट उसके पास व्हाट्सएप के माध्यम से भेज दी। जब वे उसको बार-बार ज्वाइनिंग के लिए कहने ले तो वह टाल-मटोल करने लगा।
शक होने पर उन्होंने लिस्ट के बारे में पता किया तो फर्जी मिली। रुपये मांगने पर कुलदीप सैणी, उसकी पत्नी और बेटे ने एक लाख रुपये वापस कर दिए, लेकिन बाकि पैसे देने से मना कर दिया। ऐसा करके आरोपी ने उनके साथ तीन लाख 30 हजार रुपये की ठगी की है। जांच अधिकारी सनेष कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।