कैथल। जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी डॉ. प्रियंका सोनी ने कहा कि सभी ड्यूटी मजिस्ट्रेट व सेक्टर आफिसर मतदान के दिन अपने-अपने संबंधित क्षेत्र की पोलिंग रिपोर्ट हर दो घंटे बाद पोल मॉनिटर एप पर डालना सुनिश्चित करेंगे। यह रिपोर्ट जिला स्तर के बाद मुख्य निर्वाचन अधिकारी हरियाणा तथा भारत निर्वाचन आयोग को डेसबोर्ड पर दिखाई देगी। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि रिपोर्ट दुरुस्त हो और समयबद्ध भेजी जाए।
डीसी डॉ. प्रियंका सोनी लघु सचिवालय स्थित सभागार में ड्यूटी मजिस्ट्रेट व सेक्टर आफिसर के एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में उन्हें जरूरी दिशा-निर्देश दे रही थी। इस मौके पर पोल मॉनिटर एप पर जाने वाली रिपोर्ट का लाइव डेमो भी दिखाया गया। उन्होंने कहा कि मतदान से पूर्व 11 मई को सभी सेक्टर आफिसर संबंधित बूथों पर पहुंचने वाली पोलिंग पार्टी तथा चुनाव सामग्री की विस्तृत रिपोर्ट देंगे। बूथों पर भेजी गई ईवीएम व वीवीपैट का निरीक्षण करेेंगे। मतदान के दिन मॉक पोल की प्रक्रिया का पूरा निरीक्षण करेंगे और मतदान आरंभ होने के हर दो घंटे बाद पॉल मॉनिटर एप पर डाले गए मतों की जानकारी अपलोड करना सुनिश्चित करेंगे। मॉक पोल के बाद कंट्रोल यूनिट व वीवीपैट को क्लीयर करवाकर मतदान प्रक्रिया आरंभ करवाएंगे। सेक्टर सुपरवाइजर यह भी चैक करें कि एड्रेस टैग तथा मशीन का ठीक प्रकार से मिलान है। किसी भी बूथ पर कंट्रोल यूनिट या बैलेट यूनिट खराब हो जाती है तो पूरा सेट बदला जाएगा।