कैथल। हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ 9 मई को शाम 3 से 5 बजे तक प्रदर्शन करेगा। डीईओ कार्यालय पर प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजेगा। यह जानकारी देते हुए संघ के जिला प्रधान विजेंदर मोर, जिला सचिव रामपाल शर्मा व राज्य सचिव सतबीर गोयत ने बताया कि सरकार द्वारा 906 प्राथमिक स्कूलों को बंद करने, 338 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से विज्ञान संकाय खत्म करने, सक्षम के नाम पर शिक्षा के बजट को प्राइवेट एजेंसियों के हवाले करने, ट्रांसफर से पहले ट्रांसफर पॉलिसी की त्रुटियों को दूर न करने, अंतर जिला स्थानांतरण पॉलिसी में सभी प्राथमिक और शिक्षकों को शामिल करवाने, पदोन्नति लिस्ट जारी करवाने ,लाखों छात्रों की प्रोत्साहन राशि जारी करवाने, विद्यालय में रिक्त पड़े सफाई कर्मचारी के पदों को भरवाने, 1 से 8 वीं कक्षा के 3 वर्ष से रुके हुए फंडों को जारी करवाने जैसे मुद्दों के लिए यह प्रदर्शन होगा। उन्होंने कहा कि 1500 स्कूलों को कम छात्र संख्या का बहाना बनाकर हरियाणा सरकार पहले ही बंद कर चुकी हैं। 134 ए के नाम पर मेरिटोरियस बच्चों को सरकारी स्कूलों से पलायन करवाया जा रहा है। दूसरी तरफ सक्षम, सक्षम प्लस व टीम टीम तारे के नाम पर शिक्षा विभाग के करोड़ों रुपये अपनी चहेती कंपनियों के हवाले किए जा रहे हैं। इस प्रकार सरकार सरकारी स्कूलों के साथ सौतेला व्यवहार करके आने वाले समय में उन्हें प्राइवेट प्लेयर्स के हवाले करना चाहती है।