पहले 3200 में एक साल तक चैनल देख रहे थे लोग...अब 1900 रुपये में महज 1 महीना की सुविधा, लोग परेशान
आम लोगों पर पड़ी ट्राई के नए नियमों की मार, फ्री उपभोक्ता को भी नहीं मिल पा रहे मनोरंजन के चैनल
अपने मनपंसद चैनल, एक अप्रैल से पहले ही फ्री टू एयर डिश से हटे पेड ब्रॉडकास्ट के चैनल
ट्राई के नियमों के बाद लोगों की डिमांड बढ़ने पर अब सेट टॉप बॉक्स भी हुए महंगे
फोटो नंबर-20 से 22
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। ट्राई (टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया) के नियमों में बदलाव के बाद टीवी चैनलों को लेकर लोग असमंजस में हैं। वहीं नए नियमों के अनुसार 3200 रुपये खर्च करके सेट टॉप बॉक्स सहित एक साल तक सभी तरह के केबल चैनल देखने को मिलने थे। अब इन्हें खत्म करके 1900 रुपये में महज एक महीना कर दिया गया है। जिससे लोग परेशान हैं। वहीं एक अप्रैल से कई तरह के नियमों में बदलाव को लेकर भी लोग भारी असमंजस में हैं।
ट्राई के नियम लागू होने से पहले उपभोक्ताओं को केवल 3200 रुपये में एक साल व 4000 हजार रुपये से डेढ़ वर्ष तक फ्री चैनल देखने को मिलते थे। लेकिन अब सभी डीटीएच कंपनियों ने इन दोनों ही स्कीमों को बंद कर दिया है। जिससे अब उपभोक्ताओं को केवल 1900 रुपये में केवल एक महीने तक ही चैनल देखने के लिए मिलेंगे। यह नियम सभी डीटीएच कंपनियों में ट्राई के नियम लागू होने के बाद लागू किया है।
अब उपभोक्ताओं को नहीं मिल रहा एक वर्ष की स्कीमों का लाभ : डीटीएच विक्रेता संजय ने बताया कि ट्राई के नियम लागू होने के बाद सभी डीटीएच कंपनियों ने उपभोक्ताओं को एक वर्ष तक फ्री में चैनल देखने के लिए नहीं मिल पाएंगे। अब उन्हें 1900 रुपये देकर केवल एक महीने तक ही चैनल मिलेंगे। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार डीटीएच कंपनी एचडी या सिंपल (केवल एक प्रकार का चैनल) उपभोक्ता को दे पाएगा।
एक अप्रैल से फ्री में दिखने वाले चैनल बंद होंगे : वहीं डीटीएच विक्रेता हर्ष ने बताया कि ट्राई के नियमों के बाद अब डीटीएच की लोगों में पहले से अधिक डिमांड बढ़ी है, क्योंकि ट्राई के नियमों की व्यवस्था बनाने के लिए अब फ्री डिश पर लोग स्टार, जी व अन्य पेड ब्रॉडकास्टरों द्वारा प्रसारित किए जाने वाले चैनलों को बंद कर दिया गया है। ट्राई के नियमों के अनुसार स्टार व जी के ब्रॉडकास्टर ने एक अप्रैल से पहले ही फ्री डिश में चैनल बंद कर दिए हैं। जिससे अब फ्री डिश देखने वाले उपभोक्ताओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। फ्री डिश में चलने वाले स्टार ब्रॉडकास्टर के स्टार उत्सव, स्टार भारत, स्टार उत्सव मूवीज, स्टार स्पेर्ट्स फर्स्ट, जी ब्रॉडकास्टर ने जी हिंदुस्तान, जी अनमोल, जी न्यूज और सोनी ब्रॉडकास्टर ने सोनी पल, सोनी वाह, सोनी मिक्स चैनल को एक मार्च को ही बंद कर दिया है।
उपभोक्ता असमंजस में : उपभोक्ता अश्वनी हृतवाल, मुकंद देवी ने कहा कि ट्राई के नियमों में केवल पैक लेने का प्रावधान है। जबकि चैनल अनुसार रेट होना चाहिए ताकि केवल एक चैनल लेना हो तो केवल उसे ही देख सके। पैकेज की व्यवस्था उपभोक्ताओं के लिए सही नहीं है। सरकार से मांग है कि इस व्यवस्था को बदले और लोगों की जरूरत अनुसार सामान्य दरें रखते हुए लोगों को राहत पहुंचाएं। बताया जा रहा है कि सेट टॉप बॉक्स भी पहले के मुकाबले 200 रुपये महंगे हो गए हैं।
एक अप्रैल से यह भी पेड चैनल होने की चर्चाएं : एक अप्रैल से वर्तमान में फ्री डिश पर चल रहे आज तक, आज तक तेज, बिग मैजिक, एनडीटीवी, कलर्स रिश्ते, कलर्स सिनेप्लैक्स सहित कुछ अन्य पेड चैनल भी बंद होने की बात की जा रही है। इसके बाद लोग केवल राष्ट्रीय चैनल ही डिश पर फ्री देख पांएगे।
पहले 3200 रुपये में एक साल तक ये चैनल देखते थे
डीटीएच की ओर से दी जाने वाले 3200 रुपये के पैक में उपभोक्ता आज तक, एनडीटीवी, इंडिया टुडे, स्टार प्लस, स्टार भारत, स्टार गोल्ड, सेट मैक्स, सोनी, जी टीवी, जी न्यूज, न्यूज 18, मूवीज ओके, जी पंजाब, हरियाणा, निक जूनियर, निकोलिडन, एंड पिक्चर, एंड टीवी सहित अन्य पेड चैनल एक वर्ष तक देख पाते थे। यह उन्हें मासिक 200 रुपये का पड़ता था। लेकिन अब इन्हीं चैनलों के लिए उपभोक्ताओं को एक महीने का 270 रुपये रेंट देना होगा।
अब 1900 रुपये में नई डीटीएच में केवल एक महीने के लिए मिलेंगे ये चैनल :
ट्राई के नियम लागू होने के बाद अब डीटीएच उपभोक्ताओं को नया सेटअप बॉक्स के लिए 1900 रुपयेे अदा करने होंगे। जिसमें से 1500 रुपये सेट टॉप बॉक्स की कीमत व 150 रुपये इंस्टालेसन, 250 रुपये अतिरिक्त देकर एक महीने के लिए चैनल का रेंट देना होगा। जिसमें अब 180 चैनल एक महीने के शामिल होंगे। इन चैनलों में आज तक, एनडीटीवी, स्टार प्लस, स्टार भारत, स्टार गोल्ड, सेट मैक्स, सोनी, जी टीवी, जी न्यूज, न्यूज 18, मूवीज ओके, जी पंजाब, हरियाणा, निक जूनियर, निकोलिडन, एंड पिक्चर, एंड टीवी चैनल ही देखने को मिलेंगे।