स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किया गांव चंदाना का दौरा
गांव में पिछले कुछ दिनों में हुई 10 लोगों की अलग-अलग कारणों से हुई मौत का मामला
कैथल। चंदाना गांव में पिछले कुछ दिनों में हुई 10 लोगों की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वीरवार को दौरा किया और गांव में मौतों का कारण जाना। गांव के लोगों ने बताया कि अलग-अलग कारणों से गांव में पिछले 20 दिनों में 10 लोगों की मौत हुई थी। इन्हीं में एक महिला को बुखार के बाद पीजीआई ले जाया गया था। जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों ने कहा कि बुखार से मौत हुई है। वहीं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने डेंगू से एक भी मौत की सूचना से इंकार किया है।
इस सूचना के बाद वीरवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव का दौरा किया। गांव में ड्रेन में दवाई डाली गई। शाम के समय फोगिंग की गई। इसके साथ-साथ मलेरिया विभाग के अधिकारी शमशेर सिंह की अध्यक्षता में घर-घर जांच अभियान चलाया। लोगों के पानी के बर्तन, फ्रिज व कूलर की जांच की। डा. सोनिया की अध्यक्षता में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया। जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि मौत डेंगू या वायरल से नहीं हुई है।