बिजली के बढ़े हुए बिलों पर भड़के किसान, बिजली निगम कार्यालय को लगाया ताला
अधिकारियों ने समझा-बुझाकर ताला खुलवाया, भाकियू का ऐलान, बढ़े हुए बिल स्वीकार नहीं होंगे
फोटो संख्या-2
अमर उजाला ब्यूरो
ढांड। बिजली के बढ़े हुए बिलों के विरोध में भाकियू के बैनर तले गुस्साए किसानों ने प्रदेश महासचिव भूराराम पबनावा व प्रदेशाध्यक्ष विक्रम कसाना के नेतृत्व में ढांड बिजली निगम के कार्यालय को ताला लगाकर विभाग के कर्मचारियों को बंद कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस पर कार्यालय में बंद अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का काफी प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित उपभोक्ता जेई प्रदीप कुमार को मौके पर बुलाने की मंाग पर अड़े रहे। सूचना पर एसडीओ कुलदीप कुमार व थाना ढांड के प्रभारी सुरेश चंद्र मौके पर पहुंचे और समझा कर ताला खुलवाया। इस पर एसडीओ कुलदीप ने सभी मांगों को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन दिया तब जाकर ग्रामीणों ने ताला खोला।
इससे पूर्व किसान भूराराम पबनावा की अगुवाई में ढांड में बिजली निगम कार्यालय में पहुंचे। जहां कार्यालय को ताला लगा दिया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ताला लगाए जाने के समय कर्मचारी भी कार्यालय के अंदर ही मौजूद थे। मामले की सूचना तुरंत आला अधिकारियों को दी गई। सूचना मिलने पर आला अधिकारी पहुंचे। जहां भूरा राम पबनावा ने उन्हें बताया कि बिजली की अधिक यूनिट के बिल के विरोध में भाकियू ने मोर्चा खोल दिया है। भाकियू ने बिजली की अधिक यूनिट के बिलों को वापस न लेने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। भूराराम पबनावा ने कहा कि महंगाई की मार किसानों के साथ साथ आम आदमी पर बढ़ती जा रही है। उन्होंने बढ़े बिलों को सही न होने तक धरना प्रदर्शन जारी रखे जाने की चेतावनी दी है।
इस बारे में विद्युत निगम के एसडीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि विभाग के कर्मचारियों द्वारा मीटर रीडिंग को ठीक किया जाएगा। उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।