अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। बुधवार को एडीसी पार्थ गुप्ता औैर एसडीएम मनदीप कौर ने गेहूं के सीजन को लेकर अनाज मंडियों का दौरा किया और आढ़तियों से उनकी समस्याएं जानीं। साथ ही सीजन की तैयारियों का जायजा लिया।
सुबह एडीसी पार्थ गुप्ता, एसडीएम कमलप्रीत कौर सहित मार्केट कमेटी के अधिकारी कैथल अनाज मंडी पहुंचे। जहां उन्होंने खरीद में लगी एजेंसियों के अधिकारियों को बुलाया। आढ़तियों ने उनके आगे मंडी में दर्जनों समस्याओं की झड़ी लगा दी। आढ़ती रतन लाल, राजकिशन, रामनारायण, अनिल कुमार आदि ने बताया कि मंडी में केवल एक साइड ही एक शौचालय है, जबकि मंडी का क्षेत्र बड़ा है और कई हजार किसान, मजदूर मंडी में आते है। इस पर उन्होंने मंडी व विस्तार मंडी में मोबाइल शौचालय रखने के आदेश दिए। पेयजल की समस्याओं पर मार्केट कमेटी के अधिकारियों ने कहा कि वाटर कूलरों और नलकों की रिपेयर करवा दिये है, तो आढ़तियों ने अवगत करवा कि सभी खराब हैं और अभी तक इनको देखने कोई आया ही नहीं।
सफाई व्यवस्था देख उन्होंने कमेटी के अधिकारियों से सही प्रकार सफाई करने के लिए कहा। उन्होंने मंडी के सभी छह गेटों पर गेहूं खरीद के नियम तथा सभी संबधित अधिकारियों जैसे सफाई, नमी जांचने, लदान व उठान, खरीद एजेंसियों के अधिकारियों, कमेटी के अधिकारियों आदि के मोबाइल नंबर लिख कर बोर्ड लगाने के आदेश दिए। आढ़तियों की मांग पर खरीद एजेंसियों के धर्म कांटे आढ़तियों के सामने चेक करवाने व प्रत्येक वाहन के तोल की जानकारी तत्काल देने के भी आदेश दिए। मंडी के प्रधान कृष्ण मितल, खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक, डी एम वेयर हाउस विरेंद्र सिंह, डीएम हेफैड वीपी मलिक तथा मंडी के कई आढ़ती उपस्थित थे।
एडीसी और एसडीएम ने किया मंडियों का दौरा
फोटो संख्या-15