जिला परिषद के लिए डीसी ने निर्धारित की तिथि
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। जिला परिषद चेयरपर्सन सुखविंद्र कौर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव के मामले में डीसी सुनीता वर्मा ने शनिवार को तिथि निर्धारित कर दी। हाईकोर्ट के आदेशानुसार डीसी ने 19 अगस्त को जिला परिषद की बैठक बुलाई है। जिसमें एक बार फिर सुखविंद्र कौर को बहुमत साबित करना होगा।
विदित रहे कि जिला परिषद चेयरपर्सन सुखविंद्र कौर व वाइस चेयरमैन मनीष कठवाड़ के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की मांग को लेकर 21 में से 14 जिला पार्षदों ने डीसी को शपथ पत्र सौंपे थे। इसके बाद एडीसी की अध्यक्षता में बैठक बुलाई गई थी। जिसमें विरोधी खेमे ने हाजिरी ही नहीं लगाई थी। इससे अविश्वास प्रस्ताव गिर गया था। तो 13 बागी पार्षदों ने बैठक को अवैध करार देते हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने उक्त बैठक को रद्द करार देते हुए दोबारा से डीसी को बैठक बुलाए जाने के आदेश जारी किए थे। जिनकी अनुपालना में शनिवार को डीसी सुनीता वर्मा ने जिला परिषद के प्रधान व उप प्रधान के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा हेतु 19 अगस्त को सुबह 10 बजे जिला परिषद के हाल में एक बैठक बुलाई। बैठक के लिए डीसी सुनीता वर्मा ने सभी 21 जिला पार्षदों सहित सांसद राजकुमार सैनी तथा कैथल, पूंडरी, गुहला एवं कलायत विधानसभाओं के विधायकों को सूचना भेज दी है।