संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। भारत विकास परिषद शाखा की ओर से ज्ञानदीप सीनियर सेकेंडरी स्कूल, क्योड़क में गुरु वंदन छात्र अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 31 शिक्षक और 60 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अश्वनी अग्रवाल, अध्यक्ष, भारत विकास परिषद शाखा रहे।
शाखा अध्यक्ष सुरेश शर्मा ने कहा कि शिक्षक किसी भी राष्ट्र की रीढ़ होते हैं और विद्यार्थी की उन्नति, तरक्की व व्यक्तित्व निर्माण में उनका योगदान सर्वोपरि होता है। उन्होंने गुरु का सम्मान करने और छात्र की उपलब्धियों को पहचानने को भारत की परंपरा की मूल भावना बताया।
मुख्य अतिथि अश्वनी अग्रवाल ने कहा कि शिक्षक और विद्यार्थी समाज के भविष्य के निर्माता हैं। ऐसे आयोजन न केवल प्रेरणा देते हैं बल्कि शिक्षा के महत्व और उसके सामाजिक प्रभाव को भी बढ़ाते हैं।
विद्यालय के संस्थापक हरपाल तंवर और प्राचार्या नेहा तंवर ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि संस्कारवान नागरिक तैयार करना है जो समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान दें।
संचालन भारत विकास परिषद के पदाधिकारियों ने किया। इस अवसर पर रिटायर्ड लेक्चरार, सरपंच जसबीर सिंह तंवर, शाखा संरक्षक रामचंद, वित्त सचिव विजय तंवर, संयोजक कृष्ण कुमार उपस्थित रहे।