फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kaithal News: ओटीपी नहीं आने से 30 हजार हैप्पी कार्ड अटके

Sun, 12 Apr 2026 02:00 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कैथल
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन


कैथल। जिले में हैप्पी कार्ड योजना के तहत बने करीब 30 हजार कार्ड ओटीपी नहीं आने की तकनीकी समस्या के कारण अटके हुए हैं। इस वजह से हजारों लाभार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें बार-बार बस अड्डा कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

स्थिति यह है कि लोग घंटों इंतजार करने के बाद भी बिना कार्ड लिए वापस लौटने को मजबूर हैं। जानकारी के अनुसार, करीब 23 मार्च के आसपास ये नए हैप्पी कार्ड बनकर डिपो में पहुंच गए थे, लेकिन इन्हें सक्रिय करने के लिए आवश्यक ओटीपी लाभार्थियों के मोबाइल नंबर पर नहीं पहुंच रहा है।
विज्ञापन


ओटीपी के अभाव में कार्ड एक्टिव नहीं हो पा रहे हैं, जिससे योजना का लाभ प्रभावित हो रहा है। लाभार्थी मनोज, संदीप, राजकुमार और रणजीत ने बताया कि उन्होंने करीब एक वर्ष पहले अटल सेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन किया था। लंबे इंतजार के बाद कार्ड तैयार होकर आए, लेकिन अब ओटीपी की समस्या सामने आ गई है। परेशान लोगों का कहना है कि बार-बार बस अड्डे के चक्कर लगाने से समय और पैसे दोनों की बर्बादी हो रही है, जबकि उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा।

एक लाख 54 हजार कार्ड पहले हो चुके हैं वितरित : जिले में अब तक करीब एक लाख 54 हजार हैप्पी कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिनमें से अधिकांश सक्रिय हैं। लेकिन हाल ही में बने 30 हजार कार्ड ओटीपी समस्या के कारण लंबित हैं, जिससे योजना की गति भी प्रभावित हो रही है।

लाभार्थियों ने सरकार से मांग की है कि इस तकनीकी समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए। साथ ही ओटीपी के विकल्प के रूप में कोई वैकल्पिक प्रक्रिया लागू करने का सुझाव भी दिया है, ताकि कार्ड जल्द सक्रिय हो सकें।

शुरुआत में विभाग द्वारा गांव स्तर पर टीमें बनाकर कार्ड वितरण किया गया था। इस योजना के तहत कार्डधारक हरियाणा रोडवेज बसों में प्रति वर्ष 1000 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा कर सकता है। कार्ड बनवाने के लिए 50 रुपये शुल्क लिया जाता है, जबकि 79 रुपये वार्षिक रखरखाव खर्च सरकार वहन करती है।
विज्ञापन


मुख्यालय में तकनीकी टीम से संपर्क किया गया है। जल्द ही समस्या का समाधान कर सभी लंबित कार्ड सक्रिय कर दिए जाएंगे। लाभार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। -विपुल कुमार, यातायात प्रबंधक, कैथल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें