कैथल। थाना गुहला पुलिस ने गांव अगौंध में घर में चोरी करने की नीयत से घुसकर बुजुर्ग पर हमला करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को काबू कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन ने बताया कि अगौंध निवासी निर्मल सिंह की शिकायत के अनुसार उनके मकान में जियो कंपनी का टावर लगा हुआ है। 31 अगस्त की रात उनके 85 वर्षीय पिता जसवंत सिंह खाना खाने के बाद मकान में बनी बैठक में सो गए थे।
रात करीब 3 बजे दो अज्ञात व्यक्ति दीवार फांदकर घर में घुस आए। लघुशंका के लिए उठे बुजुर्ग ने घर में घुसे व्यक्तियों को देखकर आवाज लगाई। इस पर दोनों ने उन पर हमला कर दिया और सिर में चोट मारकर मौके से फरार हो गए। परिजन घायल बुजुर्ग को सरकारी अस्पताल गुहला लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज किया गया। इस बारे में थाना गुहला में मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच थाना गुहला एसएचओ एसआई रणदीप सिंह की अगुवाई में एएसआई संदीप कुमार की टीम द्वारा आरोपी गांव अगौंध निवासी प्रवीन उर्फ जॉनी, अंकुश तथा सलेमपुर निवासी अजय को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बाइक, डंडा बरामद कर लिया। तीनों आरोपी न्यायालय में पेश किए जाएंगे, जिनसे पूछताछ की जा रही है।