कैथल। बिजली निगम के रिटायर्ड जेई की पुत्रवधु सहित पांच जानकारों को विभिन्न विभागों में नौकरी दिलवाने के नाम पर 27 लाख रुपये हड़पने वाले बिजली निगम के लाइनमैन को सीआईए पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी ने पीड़ितों को बताया था कि उसकी कई राजनेताओं से सीधी बात है और वह उन्हें सरकारी नौकरी लगवा सकता है। इस पर ये सभी लोग उसके झांसे में आ गए। उधर, आरोपी को अदालत नेे एक जुलाई तक छह दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
इसके अलावा आरोपी ने कबूला है कि हड़पी गई राशि में से वह सात लाख रुपये खर्च कर चुका है, लेकिन 20 लाख रुपये उसने राजस्थान जिला जयपुर कोटपुतली के पास गांव पाटन स्थित अपने पुश्तैनी मकान में छिपा रखे हैं। इस बारे में किसी को कोई पता नहीं है तथा यह नगदी वह बरामद करवा सकता है।
आरोपी राजनेताओं से संबंध होने का दावा करता था
पुलिस प्रवक्ता रोशन लाल खटकड़ ने बताया कि बिजली निगम से रिटायर्ड जेई मांगेराम वासी संजय बस्ती चीका की शिकायत पर आठ अगस्त 2013 को दर्ज किया गया था।
उसने आरोप लगाया कि हरियाणा बिजली वितरण निगम गुहला में बतौर लाइनमैन तैनात संजय कुमार वासी सलेमपुर के साथ उसके अच्छे संबद्ध थे। उसने सरकार के कई अति उच्च राजनेताओं से घनिष्टता होने का दावा करते हुए किसी भी विभाग में नौकरी लगवाने के बारे में खुद को सक्षम बताया।
जेई ने साल 2011-12 दौरान लाइनमैन को अपनी पुत्रवधु सत्यादेवी के कुरुक्षेत्र युनिवर्सिटी में क्लर्क लगवाने के लिए चार लाख रुपये, मंडी बोर्ड पिपिन में दामाद को पलंबर लगवाने लगाने के लिए दो लाख, अपने पुत्र के साले के साले विपिन को पुलिस में भर्ती के लिए सात लाख, लेक्चरर की पोस्ट के लिए चेतन चौहान वासी चीका से आठ लाख तथा उच्च न्यायालय चंडीगढ़ में अपने बेटे के दूसरे साले को चपरासी लगवाने के एवज में दो लाख रुपये दे दिए। इसके अलावा रिश्तेदार मंदीप को कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में चपरासी लगवाने के लिए जेई के माध्यम से लाइनमैन संजय को दो लाख रुपये थे।
काम न होने पर चार लाख वापस ले लिए थे
हिसार यूनिवर्सिटी में मित्र विजय कुमार को ड्राइवर पद पर नौकरी लगवाने के लिए आरोपी लाइनमैन को चार लाख रुपये दिए गए थे, लेकिन काम न होने पर उससे ये रुपये वापस ले लिए गए। रिटायर्ड जेई जब काम न होने पर नकदी वापस मांगने लगा तो आरोपी टालमटोल की और जान से मारने की धमकी दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे सीआईए पुलिस के सौंपा गया। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी संजय वासी हनुमान कालोनी सलेमपुर चीका को गिरफ्तार कर लिया है।