जिले में दूसरे दिन पांच केंद्रों पर 500 स्वास्थ्य कर्मियों में से 254 स्वास्थ्य कर्मचारियों को कोरोना की वैक्सीन दी गई। सबसे ज्यादा पूंडरी के आर्य स्कूल में बनाए गए कोरोना केंद्र में 79 ने वैक्सीन लगवाई। वहीं सबसे कम सिग्रस अस्पताल में 30 लोगों ने वैक्सीन लगवाई। आज दस केंद्रों पर कोरोना की वैक्सीन लगाई जाएगी। सोमवार को जिला अस्पताल में देवीगढ़ के मिडिल स्कूल में 56 स्वास्थ्य कर्मचारियों को कोरोना की वैक्सीन लगाई गई। ढांड में 49, गुहला में 47 में स्वास्थ्य कर्मचारियों ने कोरोना की वैक्सीन लगवाई। कुछेक कर्मचारियों को सिरदर्द के अलावा अन्य कोई गंभीर साइड इफेक्ट सामने नहीं आया।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैथल कमेटी चौक, सीएचसी राजौंद, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मूंदड़ी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हाबड़ी, राजकीय संस्कृत मॉडल स्कूल क्योडक़, राजकीय विद्यालय पाड़ला, राजकीय विद्यालय खरकां व आईजी कॉलेज में कोरोना के सेंटर बनाए जाएंगे। जहां सभी केंद्रों पर 100-100 लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगवाने के लिए आमंत्रित किया गया है।
सीएमओ डा. ओमप्रकाश ने बताया कि जिले में पांच केंद्रों पर दूसरे दिन का वैक्सीनेशन कार्यक्रम सामान्य रहा। सिरदर्द जैसी कुछेक को समस्या आई है। जो बाद में सामान्य हो गई। डिप्टी सीएमओ डा. नीलम कक्कड़ ने बताया कि सोमवार को 254 लोगों ने कोरोना की वैक्सीन लगवाई है।