कैथल। शुक्रवार से कलेक्टर रेट बढ़ गए हैं लेकिन इन्हें पोर्टल पर अपलोड नहीं किया गया है। जिस कारण पहले दिन कोई भी रजिस्ट्री नहीं हो सकी। 31 जुलाई तक ऑनलाइन माध्यम से आपत्तियां मांगी गई थी लेकिन जिले में एक भी आपत्ति नहीं आई है। इन तीन दिनों में करीब 250 रजिस्टि्रयां अटक गई हैं।
शुक्रवार को भी लोग रजिस्ट्री कराने पहुंचे मगर उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा। अब शनिवार और रविवार को छुट्टी के कारण सोमवार से ही राहत मिलने की उम्मीद है। सरकार ने दो दिन पहले ही 30 जुलाई को कलेक्टर रेट बढ़ाने का फैसला लिया था। इस फैसले के तहत शहर में 50 प्रतिशत तक दाम बढ़ाने का प्रस्ताव जारी किया गया था। इसके तहत रेट को लेकर आपत्तियां दर्ज करवाने के लिए एक दिन का समय दिया गया था, लेकिन जिले में एक भी आपत्ति दर्ज नहीं करवाई गई।
नहीं हो पाए काम : सांघन गांव से तहसील में पहुंचे बलबीर सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले प्लॉट की रजिस्ट्री करवाने के लिए पटवारी से फर्द निकलवाई थी। पहले तो फर्द निकलवाने को लेकर पटवारी ने परेशान किया। अब रजिस्ट्री करवाने की बारी आई तो जानकारी मिली कि कलेक्टर रेट बढ़ गए हैं। अब दो दिन से तहसील के चक्कर लगा रहा हूं। सिरटा गांव निवासी गुरविंद्र सिंह ने बताया कि उसने भी मकान की एक रजिस्ट्री करवानी थी, लेकिन जानकारी मिली कि अभी कलेक्टर रेट अपलोड नहीं किए गए हैं। इस कारण दो दिन तक और रजिस्ट्री का काम नहीं हो पाएगा। ऐसे में अब सोमवार को रजिस्ट्री का काम पूरा होगा।