सरकार की योजनाओं का लाभ न मिलने से मजदूरों में रोष
कैथल। भवन एवं सन्निर्माण कामगार यूनियन की एक बैठक यूनियन कार्यालय में हुई। जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर ने की। उन्होंने बताया कि श्रम विभाग द्वारा नवंबर 2017 में करीब चार लाख पचास हजार मजदूरों का ऑनलाइन पंजीकरण किया गया था। श्रम विभाग के अधिकारियों ने अपनी मनमानी करते हुए मजदूरों के ऑनलाइन पंजीकरण रद्द करने का बीड़ा उठा लिया है। जिसके कारण पूरे प्रदेश में आधे से ज्यादा पंजीकरण रद्द किए गए है। जिसके कारण मजदूरों में भारी रोष है। उन्होंने बताया कि जब मजदूर अपना लाभ लेने के लिए व अपना कार्ड रिन्यूवल करवाने के लिए जाते हैं। तो उनको अंत्योदय भवन में भेज दिया जाता है। अंत्योदय भवन के कर्मचारी मजदूरों को वापिस श्रम विभाग कार्यालय में भेज देते हैं। जिसके कारण श्रमिक अपनी बेटी के कन्यादान की सहायता राशि एवं अन्य लाभों से वंचित रह जाते हैं। इस मौके पर ईश्वर सिंह, निर्मल सिंह, हीरा ठाकुर, सुरेंद्र पाल वर्मा, बलकार चंदाना, विजय राविस, किरणपाल, पिरथी सिंह, सुनील कुमार, जगदीश अरनौली, बलबीर सिंह, प्रवीन कुमार, गुरदेव, सुनील कुमार सेरदा, सुंदर नैना मौजूद रहे।