अंतिम रिहर्सल में सुस्त रही पुलिस परेड तो एसपी ने मातहतों को लगाई फटकार, तीन बार करवाया अभ्यास
- जिलास्तरीय समारोह के अंतिम पूर्वाभ्यास पर डीसी व एसपी ने किया निरीक्षण
परेड मैदान सूखने के बावजूद डलवाई गई रेत, ऐसे में परेड करने में होगी कठिनाई
फोटो नंबर-01 से 08
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में 26 जनवरी को आयोजित होने वाले जिलास्तरीय समारोह के अंतिम पूर्वाभ्यास वीरवार को करवाया गया। पूर्वाभ्यास में स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले कार्यक्रमों सहित एनसीसी की परेड व पुलिस की परेड का डीसी व एसपी ने निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी ने पुलिस कर्मचारियों द्वारा परेड सही न होने पर उन पर जमकर फटकार लगाई।
एसपी ने तीन बार पुलिस की परेड में कमियों पर हस्तक्षेप कर उन्हें ठीक करवाया। पूर्वाभ्यास के दौरान डीसी धर्मबीर सिंह ने स्थानीय पुलिस लाइन मैदान में ध्वजारोहण किया और भव्य परेड की सलामी ली। इससे पूर्व उन्होंने एसपी वसीम अकरम के साथ स्थानीय कमेटी चौक स्थित शहीद स्मारकों पर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की। डीसी ने गणतंत्र दिवस समारोह के अंतिम पूर्वाभ्यास कार्यक्रम में राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया व एसपी वसीम अकरम व परेड कमांडर डीएसपी रामकुमार के साथ खुली जीप में परेड में शामिल टुकड़ियों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर एडीसी सतबीर सिंह कुंडू, सीटीएम विजेंद्र हुड्डा, डीएसपी तरूण कुमार, कृष्ण कुमार भी मौजूद रहे। अंतिम पूर्वाभ्यास कार्यक्रम में भव्य मार्च पास्ट के बाद विभिन्न विद्यालयों के 2200 विद्यार्थियों ने पीटीआई रामेश्वर धारीवाल के नेतृत्व में सामूहिक अभ्यास का प्रदर्शन किया, जिसमें उन्होंने लेजियम, डंबल, केन ड्रिल, रिंग ड्रिल आदि का भव्य प्रदर्शन किया। पूंडरी स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल के योग प्रशिक्षक दिलबाग सिंह के नेतृत्व में स्कूल के विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासनों का सामूहिक प्रदर्शन किया। इस मौके पर तहसीलदार छोटू राम, जिला शिक्षा अधिकारी जोगिंद्र हुड्डा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी शमशेर सिरोही, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अशोक कुमार, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता कुलदीप सिंह, जिला सूचना एवं जन संपर्क अधिकारी हरदीप सिंह, सीडीआई जसबीर सिंह सभी टीमों के प्रभारियों के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी व विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी मौजूद रहे।
परेड मैदान सूखने के बावजूद डलवाई गई रेत : बारिश के चलते जिला प्रशासन की ओर से पुलिस लाइन मैदान में रेत डलवाई थी। लेकिन अब पिछले दो दिनों मौसम बिल्कुल ठीक है। जिसके चलते अब यहां पर रेत के कारण चिकनाहट हो गई है। ऐसे में परेड के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।