पानी की सप्लाई न होने से लोग परेशानी झेल रहे
अमर उजाला ब्यूरो
राजौंद। पिछले तीन दिनों से पानी की सप्लाई न होने से लोग परेशानी झेल रहे हैं। तीन दिनों से लगातार पानी की सप्लाई बंद होने से लोग हाथों में बर्तन लेकर पानी के लिए भटक रहे हैं। नगरवासी रमेश, सुरेंद्र, मनोज, सुनील, काला, रोशन, रामपाल, बालकिशन ने बताया कि तीन दिन से पानी नहीं आ रहा है, पानी न आने के कारण उन्हें भारी किल्लत उठानी पड़ रही है क्योंकि जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा सप्लाई किए जाने वाले पानी के अलावा कोई भी पेयजल आपूर्ति के लिए साधन नहीं हैं। सभी लोग इसी सप्लाई पर निर्भर हैं। पानी न आने से उनकी टंकियों का पानी भी खत्म हो चुका है। ऐसे में पीने के पानी की भारी किल्लत हो रही हैै। इन लोगों ने कहा कि सर्दी के मौसम में अगर यह हालत है तो गर्मी के मौसम में पानी की समस्या का कितना विकराल रूप होगा इसमें कुछ छुपा नहीं है।
एसडीओ कर्मबीर सिंह ने बताया कि पंप खराब हो गया था, नया पंप मंगवा दिया गया है। शुक्रवार शाम तक पानी की सप्लाई शुरू कर दी जायेगी।