दिग्गजों ने किया जींद उप-चुनाव में भाजपा की जीत का दावा
कहा- कांग्रेस को नहीं मिल पाया उम्मीदवार, कैथल से विधायक को ही दि दिया टिकट
जींद में भाजपा प्रत्याशी का नामांकन करवाकर लौटे भाजपा नेताओं ने की संयुक्त पत्रकार वार्ता
फोटो संख्या-35
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने जींद उप-चुनाव में पार्टी की जीत के लिए बड़ा दावा किया है। जींद उपचुनाव के लिए भाजपा प्रत्याशी कृष्ण मिड्डा के नामांकन भरवाकर लौटे पार्टी के सभी जिले के बड़े नेताओं ने लोक निर्माण विभाग विश्रामगृह में मीडिया से बातचीत की और कहा कि कांग्रेस पार्टी के पास कोई उम्मीदवार नहीं था। तभी पार्टी ने राष्ट्रीय स्तर का नेता बताने वाले विधायक रणदीप सुरजेवाला को ही जींद उप-चुनाव के लिए अपना प्रत्याशी बनाया है और रणदीप सुरजेवाला जिसको लेकर पहले ही कयास लगाए जा रहे थे कि कैथल छोड़ेंगे। विधानसभा में कोई आवाज न उठाकर वे कैथल के लिए खोटा सिक्का ही साबित हो रहे हैं।
पार्टी के जिला अध्यक्ष अशोक गुर्जर, चेयरमैन अरुण सर्राफ, चेयरमैन मार्केट कमेटी राजपाल तंवर, पूर्व विधायक भाई लीला राम, कैथल से प्रत्याशी रहे राव सुरेंद्र सिंह, कलायत से प्रत्याशी रहे धर्मपाल शर्मा, पूर्व चेयरमैन राजेंद्र शर्मा स्लेटी, जिला परिषद के वाइस चेयरमैन मनीष कठवाड़, महामंत्री संजय भारद्वाज, प्रवीण प्रजापति, मंडल अध्यक्ष विक्की शर्मा, मंडल अध्यक्ष अशोक भारती, जिला प्रवक्ता राजरमन दीक्षित सहित कई नेता मौजूद थे। भाजपा नेताओं ने कहा कि सुरजेवाला ने कैथल में सिर्फ कागजों में ही विकास करवाया है। अब जींद की जनता को झूठे आश्वासन देंगे और विकास की बड़ी-बड़ी बातें करेंगे। कांग्रेस के कुछ बड़े नेता ही सुरजेवाला की लुटिया डुबोने का काम करेंगे। सुरजेवाला के यहां से जाने से या दोबारा आने से यहां की राजनीति में कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है। जींद उपचुनाव में भाजपा ही भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी। जजपा, इनेलो व कांग्रेस में कोई भी दमदार उम्मीदवार मैदान में नहीं है।