कई राष्ट्रीयकृत बैंकों के कर्मचारी रहे हड़ताल पर, लोग रहे परेशान
कैथल। ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कन्फेडरेशन के आह्वान पर शुक्रवार को करीब कई राष्ट्रीयकृत बैंकों के कर्मचारी हड़ताल पर रहे। कर्मचारियों ने करनाल रोड पर बैंक के सामने एकत्रित होकर रोष प्रकट किया। बैंकों में काम काज ठप्प होने के कारण लोग परेशान रहे। कर्मचारी नेताओं अरविंद चावला, रामपाल सिरोही, मुकेश गेरा, पुष्पिंद्र शर्मा, रमेश संधू, प्रवेश मोर ने कहा कि बैंक कर्मचारियों को हड़ताल पर जाने के लिए मजबूर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही उनकी मांगें नहीं मानी गई तो फिर से हड़ताल की घोषणा की जा सकती है। उनकी मांगों में पे स्केल एक से सात तक के सभी अधिकारियों का वेतन वृद्धि का फुल मैंडेट, चार्टर ऑफ डिमांड के मुताबिक वेतन वृद्धि, पांच दिनों का सप्ताह, नई पेंशन नीति खत्म करने व सभी को पुरानी पेंशन देने, पेंशन और पारिवारिक पेंशन का नवीनीकरण का संशोधन, कैथोलिक सीरियन बैंक व आइडीबीआई बैंक के एचआर मसलों का जल्द समाधान किया जाए, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों तथा पब्लिक सेक्टर बैंकों के बीच पेंशन व अन्य लाभ की असमानता को दूर किया जाए, बैंक ऑफ बड़ौदा, विजया बैंक व देना बैंक तथा क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों के विलय-समावेशन पर रोक लगाई जाए।