बंद पानी के कनेक्शन का भेजा 86 हजार का बिल
- जनस्वास्थ्य विभाग की लापरवाही आई सामने, 20 साल से नहीं पानी का कनेक्शन
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। वार्ड नंबर 25 में स्थित लाल पौ के छातर मोहल्ला में जन स्वास्थ्य विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां पर विभाग ने पानी के बिना कनेक्शन के ही 86 हजार रुपये से अधिक का बिल उपभोक्ता को भेज दिया है। जबकि यह उपभोक्ता पिछले कई वर्ष पहले अपना पानी का कनेक्शन कटवा चुका है। वहीं पीड़ित का कहना है विभाग ने यह गलती दूसरी बार की है। पहले भी एक बार वर्ष 2002 में 35 हजार रुपये का बिल बिना कनेक्शन के भेज दिया था। जिस पर डीसी से इसकी शिकायत दे इसेे रद्द करवाया था।
छातर मोहल्ला इंद्र सिंह ने बताया कि उसके घर का लेवल ऊंचा है। जिस कारण यहां पानी पहुंचने में परेशानी आती थी। जिसके कुछ वर्षों बाद यहां पानी की सप्लाई ठीक हुई। लेकिन उन्होंने इससे पहले ही करीब 20 वर्ष पहले पानी के कनेक्शन को कटवा दिया था। इसके बाद सबमर्सीबल लगवाया था। लेकिन अब दोबारा जन स्वास्थ्य विभाग ने 86 हजार 331 रुपये का बिल भेज दिया है। उन्होंने बताया कि वे जन स्वास्थ्य विभाग के पास जब इस गलत बिल को लेकर गए तो एक्सईएन ने जेई को मार्क कर इसे रद्द करने की बात कही। लेकिन जेई ने इसे रद्द करने से साफ इंकार कर दिया।
एसई एके पाहवा ने बताया कि कई बार लोग मौखिक रूप से कनेक्शन कटवा देते हैं। इसके लिए विभाग में उपभोक्ता की ओर से लिखित में देना पड़ता है। यदि कोई ऐसा नहीं करता तो विभाग में रिकार्ड में यह कनेक्शन नहीं कटता है। इस मामले की रिकार्ड में जांच करने के बाद में सच्चाई का पता चलाया जा सकता है।
फोटो नंबर-4 व 5