अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। किसानों पर दर्ज एफआईआर को रद्द कराने की मांग पर सोमवार को शुगर मिल मेें प्रदर्शन करने के लिए गन्ना किसान एकत्रित हुए। यह सूचना मिलते ही एमडी ने उन्हें अपने कार्यालय में बुला लिया। एमडी ने उन पर दर्ज एफआईआर को रद्द कराने का आश्वासन देते ही किसानों ने प्रदर्शन को रोक दिया। जिस पर किसानों और मिल प्रशासन के बीच समझौता हो गया।
बता दें कि मिल प्रशासन द्वारा लगभग 50 गन्ना किसानों पर केस दर्ज करवाया गया था। वह मुकदमा वापस ले लिया गया है। किसान नेता महिपाल नैन ने बताया कि 14 मार्च को कुछ किसान शुगर मिल प्रशासन के कर्मचारियों और अधिकारियों के मकानों की ओर रात 9 बजे पहुंच कर नारेबाजी करने लग गए थे और उन्होंने वहां पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड के साथ भी झगड़ा किया था, जिसको लेकर मिल प्रशासन ने किसानों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। अब उन्होंने किसानों को बुलाकर मिल के एमडी वीरेंद्र चौधरी के साथ बातचीत कर मामला सुलझा लिया है और भविष्य में ऐसी कोई गलती नहीं होगी इसके लिए भी आश्वासन दे दिया गया है। किसानों ने बताया कि 14 मार्च को फैक्ट्री में कुछ मशीन बंद थी, जिसको लेकर किसानों में काफी रोष था और वह रात के समय 9 बजे मुख्य अभियंता व प्रबंधक निर्देशक से मिलने को लेकर किसानों ने हंगामा किया, जिसको लेकर मिल प्रशासन ने किसानों की पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। गन्ना संघर्ष समिति व गन्ना किसानों ने मिलकर मिल प्रशासन से इस गलती के लिए माफी मांग ली है। किसानों ने माना कि उनका प्रशासन से मिलने का तरीका गलत है। इस बात को लेकर गन्ना किसानों और मिल प्रशासन का आपसी समझौता हो गया है और आगे से गन्ना संघर्ष समिति ने मिल प्रशासन को पूरी तरह से आश्वस्त करवाया कि आगे से किसान ऐसी हरकत कभी नहीं करेंगे यदि प्रशासन और किसानों के बीच कोई हंगामा होगा तो वह मिलकर इसका समाधान निकालेंगे।
किसानों को देंगे जानकारी :
शुगर मिल की कुछ मशीनों में खराबी आई थी जिसको लेकर किसानों में रोष था। किसान दूर दराज से गन्ना लेकर आते हैं देरी के चलते वो परेशान थे। आगे से मशीन की खराबी आदि की जानकारी किसानों को फोन पर पहले ही दे दी जाएगी ताकि उन्हें किसी प्रकार की कोई दिक्कत न आए।
वीरेंद्र चौधरी, एमडी शुगर मिल कैथल।
किसानों के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर भड़के किसान, किसानों का रुख देखकर मीटिंग के लिए बुलाया
शुगर मिल के एमडी ने किया किसानों के साथ समझौता, किसानों ने अप्रिय घटना न होने का दिलवाया आश्वासन
एमडी ने करवाया था पुलिस में केस, जबरन घुसकर तोड़फोड़ करने का था आरोप
फोटो नंबर-28