गैंगरेप व बलात्कार की घटनाओं से प्रदेश हुआ शर्मसार : सुरजेवाला
सुरजेवाला ने खट्टर सरकार पर लगाया आरोप, कहा- भाजपा शासन में हरियाणा बना क्राइम हब
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के मीडिया प्रभारी व कैथल से विधायक रणदीप सिंह सुरजेवाला ने प्रदेश में बेटियों के साथ हो रही गैंगरेप व हत्याओं की घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे भाजपा सरकार की नाकामी का ज्वलंत उदाहरण बताया है। उन्होंने बयान जारी करते हुए कहा कि बेटियों से हर रोज अनाचार, छेड़छाड़, वहशीपन और बलात्कार हो रहे हैं, जिससे मानवता शर्मसार हो रही है। लेकिन इसके बावजूद प्रदेश की खट्टर सरकार को कानून व्यवस्था से कोई सरोकार नहीं है। इसलिए इस महिला विरोधी सरकार को बदलने का समय आ गया है। सुरजेवाला ने कहा कि प्रदेश में पिछले तीन दिनों में बेटियों से गैंगरेप की चार घटनाएं सामने आई हैं, जिससे प्रदेश की महिलाएं पूर्णतया असुरक्षित महसूस कर रही हैं। जनता का कानून व्यवस्था से पूरी तरह से विश्वास उठ गया है और भाजपा सरकार सोई पड़ी है। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद में एक बच्ची का किडनैप कर उससे चलती गाड़ी में गैंगरेप किया गया। जींद में एक दलित बेटी के साथ हुए गैंगरेप व हत्या की घटना भी दिल दहलाने वाली है। पानीपत के गांव उरनाला कलां में 11 वर्षीय बच्ची से गैंगरेप के बाद उसकी हत्या कर दी गई। चौथी घटना, पिंजौर में एक 10 वर्षीय छात्रा के साथ हैवानियत की है। रविवार को अपने घर के बाहर खेल रही 10 साल की बच्ची भी बलात्कार की शिकार हो गयी।