स्कूलों में ना पीने का पानी साफ, ना कमरे साफ
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। हरियाणा राज्य बाल संरक्षण आयोग की सदस्य रमनदीप कौर ने गुहला खंड के पांच स्कूलों में छापेमारी की। पांच स्कूलों में से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चीका को छोड़ सभी स्कूलों की हालत दयनीय मिलीं। बच्चों को पीने के पानी सहित बैठने के लिए साफ-सुथरी जगह का अभाव नजर आया।
आयोग की सदस्य रमनदीप कौर सबसे पहले सलीमपुर के राजकीय कन्या विद्यालय में पहुंची। जहां लैब का ऑक्सीजन सिलेंडर खराब मिला तो बाकि सारे सामान पर धूल जमीं हुई थी। सफाई व्यवस्था बदहाल मिलीं। पानी की टंकी से पानी बह रहा था। यह काफी खस्ताहाल में मिलीं। इसके अलावा बरामदे में चूल्हा रखा मिला और क्लासरूम को स्टोर में तबदील किया गया है। राजकीय कन्या स्कूल चीका में भी गंदगी ही गंदगी मिली। शौचालयों की हालत खस्ता थी। कंप्यूटर लैब व साईंस लैब बंद मिलीं।
राजकीय प्राथमिक पाठशाला डेरा प्रताप सिंह में साइंस लैब में ऑक्सीजन सिलेंडर चालू हालत में नहीं था। यहां भी सफाई व्यवस्था भी खराब थी। पीने के लिए साफ पानी की व्यवस्था भी नहीं मिलीं। क्लासरूम को स्टोर बनाया गया था और बरामदे में मिड डे मील का चूल्हा जल रहा था। राजकीय प्राथमिक पाठशाला बदसूई में पीने के पानी की कमी व शौचालय में गंदगी का आलम मिला। साथ ही यहां क्लासरूम को ही चौकीदार का कमरा बनाया गया था। रमनदीप कौर ने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में काफी अच्छी व्यवस्था मिलीं। इस स्कूल के मुखिया की सराहनीय रिपोर्ट भेजी जा रही है। शेष स्कूलों में जो खामियां मिलीं, उन्हें दुरुस्त करने के लिए अध्यापकों को निर्देश दिए गए हैं। इन सभी स्कूलों की भी जैसी स्थिति मिली, उसी अनुसार रिपोर्ट बनाकर भेजी जा रही है।
बरामदे में रखा चूल्हा और क्लासरूम बना मिला स्टोर
फोटो नंबर-34, 35