ना एटीएम कार्ड के बारे में जानकारी दी, ना कार्ड बदला, खाते से निकल गए पैसे
पीड़ित ने बैंक कर्मचारियों पर लगाया आरोप, कहा पिछले तीन महीने से प्रयोग नहीं किया एटीएम कार्ड
पीड़ित ने एसपी से सीआईए से जांच करवाने के दिए आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। बैंक खाते से 25 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। लेकिन जिस व्यक्ति ने धोखाधड़ी होने की शिकायत दी है। वह बैंक अधिकारियों के खिलाफ दी है। पीड़ित ने बताया कि उसने तीन महीने सेे एटीएम कार्ड का प्रयोग नहीं किया है और ना ही उसने एटीएम कार्ड के बोर में किसी को जानकारी दी है।
शहर पुलिस को दी शिकायत में अशोका गार्डन कॉलोनी निवासी राजकुमार ने बताया कि उसका खाता पंजाब नेशनल बैंक में है। कुछ दिन पहले उसने इसी बैंक से किसान क्रेडिट कार्ड बनाया था। जिसकी राशि उसके बिना जानकारी के बैंक कर्मचारियों ने उसके सेविंग बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी। 10 नवंबर की शाम सात बजकर 15 मिनट पर उसके फोन पर मैसेज आया कि उसके खाते से 10023, फिर 10023 व कुछ समय के बाद 5023 रुपये काट लिए गए। राजकुमार ने बताया कि उसका एटीएम कार्ड उसके पास था। जिसके बारे में घर के किसी सदस्य को भी कुछ पता नहीं था।
उसने बताया कि एटीएम संबंधी सभी जानकारी केवल बैंक में मौजूद रहती है। बैंक के किसी कर्मचारी की मिलीभगत के बिना खाते से पैसे निकल जाना संभव नहीं है। राजकुमार ने एसपी से गुहार लगाई है कि इस मामले की जांच सीआईए को दें। जिससे कि मामले का खुलासा हो सके और अन्य लोग बैंक कर्मचारियों की ठगी का शिकार न हो सके।
एएसआई अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।