कैथल। जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के संकेत दिखाई देने लगे हैं। पिछले दिनों जहां बिजली गुल होने की शिकायतों की संख्या 300 के करीब पहुंच गई थी। वहीं अब इसमें कमी दर्ज की गई है। बुधवार को बिजली बाधित होने से संबंधित कुल 215 ऑनलाइन और ऑफलाइन शिकायतें सामने आईं।
बिजली निगम का दावा है कि पहले की तुलना में हालात बेहतर हुए हैं और दिन के समय लगने वाले बिजली कटों में भी कमी आई है। बुधवार को जिले में कोई भी ट्रांसफार्मर खराब या जला नहीं जिससे बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रही।
निगम अधिकारियों के अनुसार तकनीकी टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में समय रहते खराबी दूर कर बिजली आपूर्ति बहाल की। बिजली गुल होने की अधिकतर शिकायतें ओवरलोड के कारण फ्यूज उड़ने से जुड़ी रहीं।
बिजली खपत में भी आई गिरावट : बिजली निगम के आंकड़ों के अनुसार जिले में बिजली खपत में भी कमी दर्ज की गई है। पहले जहां प्रतिदिन करीब 82 लाख यूनिट बिजली की खपत हो रही थी, वह अब घटकर 77 लाख 43 हजार यूनिट रह गई है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम में बदलाव और हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आई है जिससे बिजली लोड कम हुआ है। इसके कारण एसी और कूलर का उपयोग भी कुछ कम हुआ है।
गौरतलब है कि 15 अप्रैल से लगातार तापमान बढ़ने के कारण बिजली की मांग में तेज बढ़ोतरी हुई थी। जिले में करीब 3 लाख 74 हजार उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जा रही है। कैथल जिले के 293 गांव बिजली नेटवर्क से जुड़े हैं जिनमें से 284 गांवों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति योजना लागू है।