शराब ठेका हटाने की मांग पर धरना जारी
राजौंद। गांव कोटड़ा में बस अड्डे पर शराब ठेके को हटाने को लेकर भारत की जनवादी नौजवान सभा की इकाई के बैनर तले चल रहा धरना चौथे दिन शुक्रवार को भी जारी रहा। इसकी अध्यक्षता इकाई के सुमित कुमार ने किया। धरने को संबोधित करते हुए कुलदीप ने कहा कि गांव में शराब का ठेका जब तक नही हटेगा तब तक यह धरना निर्बाध रूप से जारी रहेगा। ग्रामीणों की मांग जायज है क्योंकि ठेके के पास ही डिस्पेंसरी, पशु अस्पताल, शमशान घाट है। इसी रास्ते से छात्राएं स्कूल में पढ़ने जाती हैं। अत: शराब का ठेका यहां नहीं होना चाहिए। इकाई सचिव जसवंत ने कहा कि गांव में नशे के विरुद्ध अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व वह जिला मुख्यालय पर भी भूख हड़ताल कर चुके हैं लेकिन प्रशासन के कान पर अब तक जूं तक नहीं रेंगी। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत ने भी गांव में ठेका न खोलने का प्रस्ताव पारित कर प्रशासन को दिया हुआ है। इसके बावजूद भी गांव के बस अड्डे से शराब का ठेका नही हटाया जा रहा।