कैथल। पूंडरी में एक कैंटर व ट्रक की टक्कर में 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वह कैंटर में टूटे हुए चावल भरकर राजस्थान से यूपी जा रहा था। जैसे ही पूंडरी पहुंचा तो दुर्घटना हो गई और युवक का सिर फटने से मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गुज्जरपुर टपराना जिला शामली यूपी निवासी मुस्तकीम ने पूंडरी थाने को दी शिकायत में बताया कि वह ट्रक चालक के हेल्पर का काम करता है। 11 अप्रैल की रात को वह अपने मालिक के लड़के आलिम अली व ड्राइवर मोहम्मद जावेद के साथ राजस्थान के हनुमानगढ़ से चौकर (टूटे हुए चावल) भरकर मुजफ्फरनगर के लिए चले थे। मोहम्मद जावेद कैंटर चला रहा था। उसने व आलिम अली ने ड्राइवर मोहम्मद जावेद को कहा कि थोड़ा आराम कर लेते हैं सुबह जल्दी चल पड़ेंगे। इस दौरान मोहम्मद जावेद गाड़ी को तेज रफ्तार से चला रहा था। 12 अप्रैल की सुबह करीब चार बजे पूंडरी में कैंटर ट्रक से टकरा गया। इस हादसे में आलीम अली की मौत हो गई जबकि मोहम्मद जावेद मौके से भाग गया। उसने लोगों की मदद से आलीम अली को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि आलीम अली की अभी तक शादी नहीं हुई है। परिवार के उसके माता-पिता के अलावा चार बड़े भाई और हैं। पूंडरी थाना प्रभारी महीपाल ने बताया कि पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच जारी रही है।