गांजा फूलपत्ती तस्कर सीआईए-1 पुलिस गिरफ्त में। प्रवक्
कैथल। सीआईए-1 कैथल व एंटी एक्सटॉर्शन सेल कैथल की ओर से नशा तस्करी के अलग-अलग दो मामलों में दो आरोपियों को काबू कर लिया गया। उनके कब्जे से 21 किलो गांजा फूल पत्ती व 1 किलो 167 ग्राम अफीम बरामद हुआ है।
पुलिस प्रवक्ता प्रवीन ने बताया कि पहले मामले में सीआईए-1 कैथल की टीम अपराधों व नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए गांव बरटा बस अड्डे के पास मौजूद थी। सूचना प्राप्त हुई कि गांव रेवर जिला जींद निवासी टींकू गांजा फूल पत्ती बेचने का काम करता है और मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव गलौली की तरफ से गांजा फूल पत्ती लेकर गांव बरटा की तरफ आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम की ओर से गांव बरटा से गांव गलौली जाने वाली सड़क पर नाकाबंदी करके वाहनों की निगरानी शुरू कर दी गई। कुछ समय बाद गांव गलौली की तरफ से एक मोटरसाइकिल आती दिखाई दी जिसे पुलिस टीम ने रुकने का इशारा किया। मोटरसाइकिल चालक पुलिस को देखकर वापस मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा लेकिन मोटरसाइकिल बंद हो जाने के कारण पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की पहचान गांव रेवर जिला जींद निवासी टींकू के रूप में हुई। पुलिस सूचना के बाद मौके पर पहुंचे डीएसपी मुख्यालय कैथल बीर भान के समक्ष नियमानुसार ली गई तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से प्लास्टिक कट्टे से 21 किलो गांजा फूल पत्ती बरामद हुई। थाना सदर में प्राथमिकी दर्ज करके आरोपी को काबू कर लिया गया। व्यापक पूछताछ के लिए आरोपी का न्यायालय से पुलिस रिमांड हासिल किया गया।
थैले से 1 किलो 167 ग्राम अफीम बरामद
दूसरे मामले में एंटी एक्सटॉर्शन सेल कैथल की टीम अपराध व नशीले पदार्थों की रोकथाम के लिए शहर कैथल से गश्त करते हुए गांव क्योड़क में जसवंती रोड के पास मौजूद थी। सूचना प्राप्त हुई कि गांव नौच निवासी एक व्यक्ति नहर पुल के पास अफीम लेकर किसी के इंतजार में खड़ा है। पुलिस टीम की ओर से रेडिंग पार्टी गठित करके गांव नौच नहर पुल के पास पहुंचकर देखा कि सूचना के अनुसार हुलिया व कपड़े पहने एक व्यक्ति नहर पुल के पास खड़ा दिखाई दिया। वह पुलिस की गाड़ी को देखकर नहर के साथ लगती पटरी की ओर जाने लगा। पुलिस टीम ने काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान संदिग्ध की पहचान नौच निवासी प्रवीण के रूप में हुई। पुलिस सूचना उपरांत मौके पर पहुंचे डीएसपी मुख्यालय कैथल बीर भान के समक्ष आरोपी की नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे में थैले से 1 किलो 167 ग्राम अफीम बरामद हुई। इस बारे में थाना सदर में प्राथमिकी दर्ज करके आरोपी को काबू कर लिया गया। आरोपी को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।