209 people, including one day old child, corona infected, one woman dead
- फोटो : Kaithal
जिले में वीरवार को एक बड़े रिकॉर्ड के रूप में कोरोना संक्रमितों की संख्या सामने आई है। कोरोना संक्रमितों की संख्या दोहरे शतक को पार कर गई। एक दिन और 13 दिन के दो बच्चों के अलावा दो बैंक कर्मियों सहित जिले में 209 कोरोना संक्रमित व्यक्ति पाए गए। जिले में प्रतिदिन मिलने वाले संक्रमितों में अब तक की यह सबसे बड़ी संख्या रही है। यही नहीं एक संक्रमित महिला की वीरवार को मौत भी हो गई। गांव मटौर निवासी 62 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित मिलने के बाद होम आइसोलेट की गई थी। 15 अप्रैल को महिला को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार महिला हृदय रोग और अन्य बीमारियों से भी पीड़ित थी। गांव कसौर निवासी एक महिला का नवजात बच्चा व एक 13 वर्षीय बच्ची भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
जिले में अब तक 5614 कोरोना संक्रमित व्यक्ति पाए गए हैं। उनमें से 4928 व्यक्ति ठीक हो चुके हैं। हालांकि वीरवार को भी 38 व्यक्ति ठीक हुए, लेकिन संक्रमितों की अपेक्षा ठीक होने वालों की संख्या करीब पांच गुणा कम रही। जिले में अब संक्रमित मृतकों की संख्या बढ़कर 78 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा वैक्सीनेशन का कार्य भी लगातार जारी है। वीरवार को 42 स्थानों पर 1558 व्यक्तियों को कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन का पहला व दूसरा टीका लगाया गया। पहला टीका लगवाने वालों की संख्या 1200 से ज्यादा रही। वहीं दूसरा टीका करीब 350 व्यक्तियों ने लगवाया। सिविल सर्जन डॉ. ओमप्रकाश ने कहा कि कोरोना वायरस जिले में तेजी से पांव पसार रहा है। ऐसे में हर नागरिक को सचेत रहकर नियमों का पालन करने की आवश्यकता है। नियमों का पालन करते हुए जिलावासी महामारी को रोकने में विभाग का सहयोग करें। ज्यादा से ज्यादा संख्या में वैक्सीन लगवाएं।