कैथल। नया साल 2026 नई ऊर्जा और उम्मीदों का सवेरा लेकर आया है। यह वर्ष संभावनाओं का द्वार है। बीते साल कुछ संकल्प पूरे हुए तो कुछ अधूरे रह गए। नए वर्ष की उम्मीदों में ये अधूरे संकल्प और सपने भी साकार होंगे। जिलेवासियों को इस साल कई बड़े प्रोजेक्ट की सौगात मिलेगी, जो शहर के विकास को गति देने का काम करेंगे। अधूरे पड़े कार्यों को नए वर्ष में प्राथमिकता मिलती नजर आएगी। साथ ही आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े कार्यों पर विशेष फोकस रहेगा। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय से विकास योजनाओं के समयबद्ध पूरा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
मेडिकल कॉलेज
भगवान परशुराम मेडिकल कॉलेज, गांव सांपन खेड़ी में बन रहा है। यह मेडिकल हब 2026 में जिले का प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र बनेगा। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस संस्थान में कैंसर, हृदय रोग समेत अन्य गंभीर बीमारियों का उपचार उपलब्ध होगा। जून 2026 तक निर्माण कार्य पूरा होने की संभावना है। यहाँ हर साल 100 एमबीबीएस डाक्टर तैयार होंगे।
प्रदेश का पहला संस्कृत विश्वविद्यालय
मूंदड़ी में 22 एकड़ क्षेत्र में बन रहे महर्षि वाल्मीकि संस्कृत विश्वविद्यालय का नया भवन मार्च 2026 तक पूरा होने का लक्ष्य है। अभी भवन का 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। परिसर में शिफ्ट होने के बाद एक स्कूल की भी स्थापना होगी, जिसमें कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी संस्कृत माध्यम में पढ़ाई करेंगे। अंग्रेज़ी और हिंदी एक-एक अनिवार्य विषय के रूप में शामिल होंगे। विश्वविद्यालय के निर्माण पर कुल 180 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
54 करोड़ से सिटी स्क्वायर का निर्माण
जींद रोड पर पुराने बस स्टैंड की जगह सिटी स्क्वायर का निर्माण किया जा रहा है। इसकी लागत 54 करोड़ रुपये है, और रि-टेंडरिंग में 19 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यह परियोजना नवंबर तक पूरी होने की संभावना है। मल्टी लेयर पार्किंग और सिटी स्क्वायर से शहर में जाम की समस्या कम होगी और बाजार, नगर परिषद कार्यालय व जिला सचिवालय के आसपास लोगों को सुविधाजनक पार्किंग मिलेगी।
गुहला-चीका नया बस अड्डा
छह एकड़ में बन रहे नए बस अड्डे का 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। जून-जुलाई तक बस सेवा शुरू होने की संभावना है। इसमें यात्रियों और चालक-परिचालकों के लिए कैंटीन, विश्राम कक्ष, बैठने की कुर्सियां, शौचालय और पीने के पानी की सुविधा रहेगी। रोडवेज विभाग ने 9.25 करोड़ रुपये लोकनिर्माण विभाग में जमा कराए हैं।
आधुनिक खेल स्टेडियम का निर्माण
राजीव गांधी खेल परियोजना के तहत जिले के सात स्टेडियमों का लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से नवीनीकरण किया जाएगा। इसमें पुरुष और महिला खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग छात्रावास और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी। यह पहल खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करेगी।
थाना भवन के आधुनिक प्रोजेक्ट
19 कनाल जमीन पर नया थाना भवन बनेगा। रामथली चौकी का वर्तमान भवन किराये पर चल रहा है। नए भवन में पुलिस कर्मचारियों और शिकायतकर्ता के लिए अलग कमरे, स्नान और शौचालय की सुविधा, तथा चारों तरफ सुरक्षा दीवार होगी। पुलिस कर्मियों की संख्या बढ़ाकर 1400 से अधिक करने की योजना है।