कैथल। लोकसभा चुनाव के लिए सरकार द्वारा जारी आदेशों के पालन के साथ-साथ डीसी डॉ. प्रियंका सोनी की अगुवाई में जिला प्रशासन अपने स्तर पर भी मतदान के प्रतिशत को सुधारने में जुटा है। इसके लिए हरियाणवी संस्कृति से ओत-प्रोत एक गाना भी तैयार किया गया है। जिसे किसी निजी कलाकार ने नहीं, बल्कि डीसी ने लोक संपर्क विभाग के कलाकारों से तैयार करवाया है। जिसे प्रशासन की प्रचार वैन पर चलाया जा रहा है। शीघ्र ही गाने को डीसी विधिवत तौर पर लॉन्च करेंगी।
12 तारीख नै सभी ने करणा सै मतदान : जिला सूचना एवं लोक संपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा तैयार किया गया गाना हरियाणवी लोक कलाकार बलवान सिंह, मनोज पुरी, प्रदीप कुमार, रामफल, डीआई रामफल की टीम ने तैयार किया है। जिसके बोल कुछ यूं हैं ‘मई की 12 तारीख नै सभी ने करणा सै मतदान, वोट हाम सारे पावेंगे, ये है लोकतंत्र की शान।’ इस गाने का ऑडियो वर्जन तैयार हो चुका है। हरियाणवी संस्कृति से ओत-प्रोत वीडियो भी तैयार किया जा रहा है।
डीसी डॉ. सोनी ने बताया कि प्रशासन द्वारा दो-तीन इनिशिएटिव लिए गए हैं। ताकि जिले में वोट प्रतिशत बढ़े। इसके लिए योजनाएं अभी पाइपलाइन में हैं। मुख्यत: 1 मई के बाद इस जागरूकता अभियान को तेज किया जाएगा। लोक संपर्क विभाग के कलाकारों द्वारा एक विशेष गाना तैयार किया गया है। जो काफी लोकप्रिय होगा। यह गाना हरियाणवी बोली में है। इसका ऑडियो तैयार हो गया है। वीडियो शीघ्र ही जारी किया जाएगा।
डीआईपीआरओ कृष्ण कुमार ने बताया कि डीसी के निर्देशानुसार विभाग के कलाकार वैन के माध्यम से प्रचार कर रहे हैं। जिसमें सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया है। जहां लोग ईवीएम के साथ सेल्फी ले सकते हैं।