3.10 करोड़ की लागत से बनने वाले पार्क का जल्द होगा कार्य शुरू
कलायत। कलायत में करोड़ों की लागत से बनने वाले पार्क निर्माण के हेतु तकनीकी स्वीकृति मिलने से इसके निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। गत 13 अगस्त 2016 को कलायत रैली में मुख्यमंत्री ने पार्क निर्माण की घोषणा की थी पर उसमें एक पेंच था कि यदि उक्त भूमि पर कोई विवाद न हो। पार्क निर्माण को मिली हरी झंडी बारे जानकारी देते सचिव कुलदीप मलिक व कनिष्ठ अभियंता मंदीप श्योकंद ने बताया कि कलायत में पार्क निर्माण के लिए पालिका प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने बताया कि करीब 3.10 करोड़ की लागत से बनने वाले इस पार्क निर्माण के लिए पूरी तरह सजगता से कार्य किया जा रहा है। पार्क निर्माण कार्य शुरू करने के लिए उच्चाधिकारियों की सेवा में तकनीकी स्वीकृति प्रदान करने के लिए आग्रह पत्र प्रेषित किया हुआ था। गत दिनों इसके निर्माण की तकनीकी स्वीकृति मिल गई है जिसके चलते अब निर्माण करवाने संबंधी आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पार्क निर्माण के रास्ते में आई बाधा दूर होने पर नगर के लोगों में खुशी व्याप्त हो गई। नगर में ले देकर केवल एक छोटा सा जवाहर पार्क जो देखरेख के अभाव में पूरी तरह से आवारा पशुओं का अड्डा बन कर रह गया। पार्क बन जाने से एक तो गंदगी से मुक्ति मिलेगी दूसरा लोगों को प्रकृति के गोद में बैठने का मौका मिलेगा।