एसएचओ सिटी को कोर्ट में रिकॉर्डिंग मामले में किया सस्पेंड
कोर्ट द्वारा जारी आदेशों की नहीं मिल पाई जानकारी
कोर्ट के चक्कर काटते रहे पुलिस अधिकारी
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। न्यायाधीश अमित शर्मा की अदालत में कोर्ट कार्रवाई की रिकॉर्डिंग करने के मामले में एसएचओ सिटी रामचंद्र देशवाल को पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने सस्पेंड कर दिया है। दिन भर यह मामला प्रशासनिक व न्यायिक परिसर में चर्चा का विषय बना रहा। वहीं कई पुलिस अधिकारियों ने कोर्ट परिसर के वीरवार को भी चक्कर लगाए। मामले में कोर्ट की कार्रवाई के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई।
विदित रहे कि एसएचओ सिटी रामचंद्र देशवाल द्वारा कोर्ट कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग की बात पर बुधवार को विवाद हो गया था। उन्होंने रिकॉर्डिंग की या नहीं, इस बारे में किसी ने पुष्टि नहीं की और ना ही न्यायालय से पुख्ता जानकारी मिल पाई। लेकिन विवाद के बीच एसपी आस्था मोदी ने एसएचओ को सस्पेंड कर दिया है। वीरवार को पुलिस के बड़े अधिकारी कोर्ट परिसर के चक्कर जरूर काटते दिखे। लेकिन क्या बात हुई, इस बारे में खुलासा नहीं हो पाया।
डीएसपी सतीश गौतम ने केवल इतना कहा कि कोर्ट के मामले में एसएचओ रामचंद्र देशवाल को सस्पेंड किया गया है। मामले में विभागीय जांच जारी है।