हाईकोर्ट में याचिका दायर कर वोटर लिस्ट पर उठाए सवाल
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। आरकेएसडी कॉलेज के आगामी 24 दिसंबर को होने वाले चुनाव से पूर्व एक सदस्य ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर कर वोटर लिस्ट पर सवाल उठाए हैं। याचिका में मांग की गई है कि वोटर लिस्ट में से मृतक लोगों के नाम हटाए जाएं और वोटर आईडी कार्ड जारी किए जाएं। इस मामले में आज सुनवाई हो सकती है।
विदित रहे कि आरकेएसडी कॉलेज की प्रबंधक समिति के चुनाव के लिए 24 दिसंबर की तिथि निर्धारित की गई है। चुनाव की घोषणा होने से पूर्व भी प्रशासक एवं एडीसी कैप्टन शक्ति सिंह के पास आपत्तियां भेजी गई थीं। जो अभी जिला रजिस्ट्रार कार्यालय में लंबित हैं। लेकिन इसी बीच 3714 वोटर लिस्ट में एक सदस्य प्रकाश नारंग ने इस मामले में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की है। प्रकाश नारंग ने बताया कि उन्होंने वोटर लिस्ट में से मृतक सदस्यों के नाम हटाए जाने व सभी सदस्यों को वोटर आईडी कार्ड जारी करने की मांग को लेकर याचिका दायर की है। चुनाव हों, लेकिन सभी नियमों का पालन करते हुए होने चाहिए। ताकि संस्थान का नुकसान ना हो। उन्होंने कहा कि वीरवार को इस मामले की सुनवाई होने की उम्मीद है।
वहीं संस्थान से ीजुड़े अधिवक्ता मुकेश निरवानी ने कहा कि उन्होंने प्रशासक को कॉलेजियम बनाए जाने के तरीके, एक ही कॉलेजियम में चुनाव लड़ने की बाध्यता खत्म करने जैसी कई आपत्तियां दर्ज करवाई थीं। जिन पर अब उन्हें सूचना मिली है कि ये आपत्तियां जिला रजिस्ट्रार कार्यालय में भेजी गई हैं। वहीं से कुछ कार्रवाई होने की उम्मीद है।
कॉलेज प्रबंधक समिति के पूर्व प्रधान सतीश बंसल का कहना है कि जब भी चुनाव आता है, कुछ लोग हर बार नए मुद्दे लेकर कोर्ट में चले जाते हैं। इसी वोटर लिस्ट पर तीन चुनाव हो चुके हैं। माननीय हाईकोर्ट के आदेशों पर ही यह वोटर लिस्ट फाइनल हुई थी।
अभी आधिकारिक तौर पर कॉलेज के चुनाव को लेकर याचिका के बारे में जानकारी नहीं मिली है। लेकिन यह पता चला है कि कॉलेज चुनाव को लेकर एक याचिका दायर की गई है। आला अधिकारियों के संज्ञान में मामला ला दिया गया है। न्यायालय में अपना पक्ष रखते हुए सरकार की ओर से मजबूत पैरवी की जाएगी।
कैप्टन शक्ति सिंह, एडीसी एवं प्रशासक,आरकेएसडी कॉलेज, कैथल।
- आरकेएसडी कॉलेज की प्रबंधक समिति चुनाव का मामला
फोटो संख्या-34