संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। जाट हाईस्कूल सोसाइटी कैथल के चुनाव में मंगलवार को नामांकन के अंतिम दिन कुल 20 नामांकन हुए। नामांकन पत्रों की जांच 14 व 15 मई को होगी। 16 मई को नाम वापस लिए जा सकते हैं। 19 मई को चुनाव चिह्न आवंटित होंगे और एक जून को सुबह 8:00 बजे से 2:00 तक मतदान होगा। इसी दिन मतगणना के बाद परिणाम की घोषणा की जाएगी।
मंगलवार सुबह रणदीप सुरजेवाला और रामपाल माजरा गुट में सर्वसम्मति से कार्यकारिणी के लिए पैनल की घोषणा की। प्रधान, उपप्रधान, कोषाध्यक्ष व सचिव सहित अन्य 11 सदस्यों पर सहमति बनी। इसके बाद भी शाम को सदस्यों ने नामांकन किए।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला व इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने अहम भूमिका निभाते हुए सर्वसम्मति से उम्मीदवारों के पैनल का चयन किया। कांग्रेस नेता ने पैनल में नवनियुक्त कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। सुरजेवाला ने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि जाट शिक्षण संस्थान बुलंदियों पर जाएं।
सुरजेवाला ने कहा कि जाट हाई स्कूल सोसाइटी में प्रधान पद के लिए राजकुमार बैनीवाल बुढ़ाखेड़ा, उपप्रधान पद के लिए बलजिंद्र भनवाला, सचिव पद के लिए एडवोकेट रश्मि ढुल, कोषाध्यक्ष पद के लिए बलकार नैन व 11 सदस्य कमेटी में सत्यवान माजरा, कुलदीप गयोंग, राजपाल गुहना, जसबीर मानस, स्वतंत्र देवीगढ़, रजत रापड़िया, दलबीर देवबन, सन्नी चौशाला, विक्रम सौंगल, महावीर तारागढ़ व महावीर नंबरदार कैलरम को सर्वसम्मति से उम्मीदवार घोषित किया गया है।
इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा कहा कि सुरजेवाला के पास बहुमत से ज्यादा मेंबर होने के बाद भी उन्होंने दरियादिली दिखाते हुए संस्था हित में सहमति के साथ कार्यकारिणी घोषित करने का निर्णय लिया।
विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि साल 2005 तक यह मात्र एक स्कूल था तो तब रणदीप सुरजेवाला ने कॉलेज का लाइसेंस दिया। इसके बाद से कॉलेज निरंतर प्रगति कर रहा है। सुदीप सुरजेवाला, रोशन पाड़ला, ईश्वर नैन, धर्मवीर कौलेखा, इंद्र नौच, राकेश नैन, कुलदीप संधू, राजपाल नरड़, कुलदीप बालू, विक्रम दलाल, सुरजीत श्योराण आदि मौजूद रहे।
शाम को इन्होंने दाखिल किया नामांकन पत्र ः प्रधान पद के लिए मेहर सिंह मौण, उपप्रधान पद के लिए सतीश अटेला, सचिव पद के लिए गुरनाम ढुल, कोषाध्यक्ष पद के लिए राजपाल लैलर ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
प्रधान और उपप्रधान पद पर दो-दो नामांकन
एडीसी एवं जाट हाई स्कूल सोसाइटी के प्रशासक दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि जाट हाईस्कूल सोसायटी के शासकीय निकाय (प्रधान, उपप्रधान, महासचिव, कोषाध्यक्ष तथा कार्यकारिणी सदस्य) के गठन के लिए 20 नामांकन प्राप्त हुए। प्रधान पद पर दो, उप प्रधान पद पर दो, महासचिव व कैशियर के लिए के दो-दो और 12 कार्यकारिणी सदस्य के लिए नामांकन प्राप्त हुए हैं।