कैथल। एसपी के आदेशों के बाद यातायात पुलिस ने सड़कों पर अतिक्रमण हटाने के लिए अमल करना शुरू कर दिया है। यातायात पुलिस द्वारा अब सेंटर संचालकों को नोटिस जारी किए जाएंगे, जहां दिन भर वाहनों के कारण यातायात व्यवस्था बाधित रहती है। इन सभी को 133 सीआरपीसी के तहत नोटिस जारी किए जाएंगे। जरूरत पड़ी तो पुलिस इन सेंटरों को सील भी करेगी।
विदित रहे कि एसपी वसीम अकरम ने सोमवार को बैठक ली थी। जिसमें सभी संस्थानों के अगुवाई लोगों को बुलाया था। उन्हें निर्देश दिए थे कि वे शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन की मदद करें। वाहनों को सड़कों पर खड़ा न करें। पीली पट्टी के बाहर तक अतिक्रमण न हो। एसपी ने बैंकर्स, अस्पताल संचालकों सहित सभी को बुलाकर सहयोग की अपील की थी। इसमें कोचिंग सेंटर संचालक नहीं पहुंचे थे। इस पर एसपी ने सभी को इस काम में शामिल करने के निर्देश दिए थे। यातायात पुलिस प्रभारी नवीन कुमार ने बताया कि सर्वे किया जा रहा है कि शहर में कितने कोचिंग सेंटर हैं। इन सभी को नोटिस जारी किए जाएंगे। इस बार धारा 133 सीआरपीसी के तहत ये नोटिस जारी होंगे। जिसमें रास्ता बंद करने सहित सार्वजनिक व्यवस्था बाधित करने जैसी बातें शामिल रहती हैं। इस पर भी यदि सड़क से वाहन नहीं हटे तो जरूरत पड़ने पर सेंटरों को सील भी किया जा सकता है। ऑटो चालकों के लिए कार्रवाई जारी है। टैक्सी स्टैंड के लिए हुडा के अधिकारियों से बातचीत की जा रही है। ताकि शहर से टैक्सी स्टैंड निर्धारित जगह शिफ्ट हो सके।