सीवन। शिक्षा का अधिकार के तहत बच्चों को निजी स्कूलों में निशुल्क शिक्षा देने के लिए 134ए के तहत आवेदन किए जा रहे हैं। इसके तहत दूसरी कक्षा से दस जमा दो तक की कक्षाओं के लिए बच्चों के आवेदन आनलाइन किए जा रहे हैं। इन आवेदनों को जमा करवाने की अंतिम तिथि 11 अप्रैल है।
खंड शिक्षा अधिकारी सुदर्शन शर्मा ने बताया कि 134 ए के तहत कोई भी व्यक्ति आवेदन कर सकता है जो अपने बच्चों को निजी स्कूलों में निशुल्क शिक्षा दिलाना चाहता है। इस योजना के तहत पहले आवेदन को आनलाइन करवाना होगा और उसके पश्चात खंड शिक्षा कार्यालय में जमा करवाना होगा। आवेदन करने की अंतिम तिथि 11 अप्रैल है। इस प्रक्रिया के तहत 12 अप्रैल दोपहर के बाद आवेदकों को रोल नंबर जारी किए जाएंगे और 14 अप्रैल को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीवन में पेपर होगा। शर्मा ने बताया कि इस योजना के तहत आवेदन करने वालों में केवल उन बच्चों का पेपर होगा जो पहले निजी स्कूलों में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। जो बच्चे पहले सरकारी स्कूलों में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं उन्हें पेपर देने की आवश्यकता नहीं है। उनका दाखिला मेरिट के आधार पर होगा। इस अवसर पर उनके साथ नरेन्द्र धमीजा और प्रवीन कुमार मौजूद रहे।