ड्रीम वर्ल्ड थीम पर प्रस्तुति से बच्चों ने किया रोमांचित
मंच पर उतर आए देश के विभिन्न राज्यों के कलाकारों के रूप में बच्चे, शैमरॉक पब्लिक स्कूल में वार्षिकोत्सव का आयोजन
फोटो संख्या-7, 8, 9, 10
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। शैमरॉक पब्लिक स्कूल में शुक्रवार शाम वार्षिक उत्सव मनाया गया। जिसमें कक्षा प्री-नर्सरी से लेकर आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने न केवल पूरे भारत की विविध संस्कृति, बल्कि अंतरराष्ट्रीय संस्कृति से लोगों को मुखातिब करते हुए रोमांचित कर दिया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि जिला शिक्षा अधिकारी जोगिंद्र सिंह हुड्डा, विशिष्ट अतिथि जिला खेल अधिकारी सतविंद्र गिल तथा जिले की युवा सरपंच प्रवीण कौर ने शिरकत की।
प्रधानाचार्य नीलम मौदगिल ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने विद्यालय की अकादमिक, खेल व सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हासिल उपलब्धियों के बारे में बताया और कहा कि यहां पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को बढ़ावा देने के लिए सभी तरह के खेलों के मैदान बनाए गए हैं। जिला शिक्षा अधिकारी सतविंद्र गिल ने अपने अभिभाषण में विद्यालय के बच्चों को शुभकामनाएं दी। जिला खेल अधिकारी ने भी विद्यालय का अवलोकन किया और खेल में उपलब्धियों के लिए प्रधानाचार्य की प्रशंसा की। बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम ने उपस्थित सभी का मन मोह लिया। विद्यालय की प्रबंधन की ओर से बच्चों को विशेष उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। आयोजन में प्री-नर्सरी के बच्चों ने अपनी अदाओं से जहां सभी का मन मोह लिया, वहीं कक्षा द्वितीय, तृतीय, चतुर्थ के विद्यार्थियों ने अलग-अलग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से समा बांध दिया। इसके बाद ड्रीम वर्ल्ड थीम पर विद्यार्थियों ने हरियाणवी, केरला, लंदन, दक्षिण अफ्रिका सहित तमाम देशों की सांस्कृतिक झलक प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में मेधावी बच्चों को सम्मानित भी किया गया।