सामाजिक सरोकार और लोक शैली से ओतप्रोत रहा राहगीरी
- महाराजा सूरजमल जाट स्टेडियम के सामने राहगीरी कार्यक्रम आयोजित
फोटो संख्या-5 से 9
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। महाराजा सूरजमल जाट स्टेडियम के सामने राहगीरी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ डीसी धर्मवीर सिंह ने दीपशिखा प्रज्ज्वलित करके किया। कार्यक्रम में पहुंचें लोगों ने इसका भरपूर आनंद लिया। कलाकारों के साथ-साथ स्कूली बच्चों ने सामाजिक सरोकार तथा लोक शैली से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए, जिसका दर्शकों ने भरपूर आनंद उठाया।
डीसी धर्मवीर सिंह ने कहा कि राहगीरी कार्यक्रम के माध्यम से उमंग व नई ऊर्जा के साथ दिन की शुरुआत होती है। प्रत्येक व्यक्ति तनाव मुक्त होकर सांस्कृतिक कार्यक्रम व अन्य गतिविधि में भाग ले सकता है। सांस्कृतिक मंच पर कार्यक्रम का संचालन करते हुए हास्य कलाकार राजीव शर्मा ने हरियाणवी चुटकुलों से सभी का खूब मनोरंजन किया। अमित कुमार द्वारा कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ गीत की प्रस्तुति ने समाज में व्याप्त इस बुराई पर कटाक्ष किया। दिनेश इंस्टीट्यूट ऑफ डांस के बच्चों ने भंगड़े की प्रस्तुति पर सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। लव डांस अकेडमी के छोटे बच्चे गर्व शर्मा तथा हर्षिता ने हरियाणवी नृत्य की प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरी। छोटे-छोटे खिलाड़ियों ने बॉक्सिंग का दम-खम दिखाया गया, वहीं वुशु की प्रस्तुति में भाला चलन, तलवारबाजी और चाइनीज योग का प्रदर्शन किया गया। पुलिस विभाग से बलवान सिंह, सुरजीत ने ताऊ का वेष धारण करके लोगों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी दी। मौके पर कलायत के एसडीएम जगदीप सिंह, डीएसपी जोगेंद्र, रामकुमार, तरुण सैनी, सुल्तान सिंह, डॉ. जगजीत, दिनेश सैनी, रोहित कालड़ा, अजीत नायक, सतपाल सिंह, राजबीर सिंह, उमा शंकर, अमरजीत, रितू गागट, अमरजीत, लाजपत, राजकुमार, रमेश कुमार, राजेश कुमार सहित अन्य मौजूद थे।