पद्मावती फिल्म चली तो सिनेमा हॉल को लगा देंगे आग : देवा ठाकुर
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। देवा इंडिया फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष साध्वी देवा ठाकुर व करणी हिंदू सेना के प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर भवाना सिंह ने मंगलवार को मीडिया सेंटर में पद्मावती फिल्म के विरोध में प्रेसवार्ता की। साध्वी देवा ठाकुर ने कहा कि यदि पद्मावती फिल्म पर सरकार ने बैन नहीं लगाया और फिल्म किसी भी सिनेमा हॉल में चली तो वो सिनेमा हॉल जला दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा के सीएम इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए हैं। उन्हें इस मुद्दे की ओर ध्यान देना चाहिये और पद्मावती मूवी को हरियाणा में भी रिलीज होने से रोकना चाहिए।
उन्होंने कहा कि फिल्म के निर्देशक संजय लीला भंसाली ने रानी पद्मावती के किरदार को तोड़ मरोड़ कर प्रस्तुत करने का काम किया है। लेकिन मुख्यमंत्री इस विषय पर मौन साधे हुए हैं। मुख्यमंत्री की उदासीनता के विरोध में वे 9 दिसंबर को पंचकूला में विशाल स्वाभिमान रैली निकलेंगी। इस रैली में वे सरकार के खिलाफ व रानी पद्मावती फिल्म का विरोध करेंगी।
करणी सेना के प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर भवानी सिंह ने कहा कि बॉलीवुड के सभी एक्टर डायरेक्टर जो अपनी आत्मा को बेच चुके हैं उनको अब हिन्दू समाज के धैर्य की परीक्षा लेने का दुस्साहस कतई नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले करणी सेना का प्रतिनिधिमंडल प्रदेश के सीएम से फिल्म पर रोक लगाने के लिए मिलने के लिए चंडीगढ़ में पहुंचा था। लेकिन सीएम उनसे मिले बिना ही चले गए। जिससे करणी सेना व पूरे राजपूत समाज में गहरा रोष है। उन्होंने कहा कि यदि सीएम ने रानी पद्मावती फिल्म को हरियाणा में बैन नहीं किया तो राजपूत समाज राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री से मिलकर सीएम को बर्खास्त करने की मांग करेगा। ठाकुर ने बताया कि हरियाणा में फिल्म के विरोध में 25 दिसंबर को एक राष्ट्रीय स्तर पर भिवानी में रैली आयोजित करेगा। जिसमें पूरे देश से लाखों की संख्या में लोग शामिल होंगे। इस मौके पर भुपेंद्र राघव, दीपू सोंलकी, राजीव ठाकुर, प्रवीन सेगा, अमित, रवि राणा, मक्खन सहित अन्य मौजूद रहे।
देवा इंडिया फाउंडेशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष और करणी सेना के प्रदेशाध्यक्ष ने प्रेसवार्ता कर दी सरकार को चेतावनी
फोटो नंबर-01