कराटे में कैथल ऑल ओवर चैंपियन
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। शिक्षा विभाग की ओर से वीरवार को तीन दिवसीय अंडर 17 राज्य स्तरीय स्कूली खेल प्रतियोगिता आयोजित हुई। जिला शिक्षा अधिकारी शमशेर सिरोही ने ध्वजारोहण कर शुभारंभ किया। इस मौके पर डीईओ ने प्रतियोगिता में भाग ले रही सभी 22 जिलों की टीमों के मार्च पास्ट का अभिवादन स्वीकार किया। सभी खिलाड़ियों को मेजबान जिला कैथल की खिलाड़ी द्वारा खेल शपथ दिलवाई गई।
अंडर 17 राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर हैंडबाल, चैस व कराटे प्रतियोगिता करवाई गई। हैंडबाल प्रतियोगिता जाट सूरजमल स्टेडियम, कराटे आरकेएसडी कॉलेज के इंडोर स्टेडियम में हुई। इन प्रतियोगिता में पहले दिन कुल करीब एक हजार खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस मौके पर सहायक मौलिक शिक्षा अधिकारी रामेश्वर धारीवाल, जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी गंगादत्त यादव, जिला के सभी खंड शिक्षा अधिकारी, सुरेश गुलशन, जिला के सभी प्राचार्य, सहायक शिक्षा अधिकारी राजबीर सिंह, ईश्वर ढांडा, शिवचरण, जयप्रकाश, डीपी अनिल, संदीप सौंगल, रामगोपाल, नीलम रानी, पंकज शर्मा, दलबीर नैन, चरण सिह, विजय, रामेश्वर, प्रतिभागी टीमों के प्रभारी, शिक्षा विभाग के डीपीई एवं पीटीआई सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
यह रहे प्रतियोगिता के परिणाम:-
अंडर 17 राज्य स्तरीय स्कूल प्रतियोगिता के पहले दिन करीब एक हजार खिलाडिय़ों ने भाग लिया। पहले दिन लडक़ों व लड़कियों की अंडर 17 बॉक्सिंग, हैंडबाल, कराटे प्रतियोगिताएं आयोजित हुई। इस दौरान कर्वाटरी फाइनल मुकाबले हुए। हैंडबाल की प्रतियोगिता जाट कॉलेज के मैदान में हुई जबकि कराटे प्रतियोगिता आरकेएसडी कॉलेज के इंडोर स्टेडियम में हुई। हैंडबॉल प्रतियोगिता में कुल 17 मैच हुए जिसमें लड़कों में सिरसा ने भिवानी, रेवाड़ी ने गुरुग्राम, कुरुक्षेत्र ने करनाल, महेंद्रगढ़ ने रोहतक, अंबाला ने पंचकुला, झज्जर ने फरीदाबाद, कैथल ने पंचकुला, हिसार ने फतेहाबाद को पराजित किया। लड़कियों में गुरुग्राम ने महेंद्रगढ़, यमुनानगर ने पलवल, अंबाला ने फरीदाबाद, झज्जर ने फतेहाबाद, सिरसा ने कुरुक्षेत्र, करनाल ने पंचकूला, रेवाड़ी ने सोनीपत, जींद ने पानीपत, झज्जर ने यमुनानगर, हिसार ने चरखी दादरी, भिवानी ने करनाल, रोहतक ने गुरूग्राम, सिरसा ने अंबाला, कैथल ने झज्जर को हराया। इसी प्रकार से लड़कियों के 32 किलो भार वर्ग में कराटे में कैथल की रीतू ने पहला, यमुनानगर की वादिका ने दूसरा, 36 किलो भार वर्ग में हिसार की किरण ने पहला, कैथल की अलीशा ने दूसरा, 40 किलो भार वर्ग हिसार की प्रीति ने पहला, कैथल की दिव्या दूसरे स्थान पर रही। 44 किलो भार वर्ग में यमुनानगर की तान्या सैनी ने पहला, रोहतक की कनिका ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।