फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

19 पार्षदों को घुमाने ले गए भाजपा नेता

Sun, 26 Jun 2016 12:16 AM IST
ब्यूरो कैथल
विज्ञापन
भाजपा नेता 19 पार्षदों को सद्भावना यात्रा के नाम पर घुमाने ले गए - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
नगर परिषद के चुनाव से पूर्व भारतीय जनता पार्टी के नेता 31 में से 19 पार्षदों को सद्भावना यात्रा के नाम पर घुमाने ले गए। शनिवार सुबह साढ़े दस बजे लोक निर्माण विभाग विश्रामगृह से पार्षदों को बस में ले जाया गया। फिलहाल पार्षद चंडीगढ़ में हैं, जहां रविवार सुबह सीएम से उनकी मुलाकात हो सकती है। इसके बाद सोमवार को सुबह ग्यारह बजे नगर परिषद के चेयरमैन व वाइस चेयरमैन का चुनाव होना है। अब देखना यह है कि भाजपा नेता इन 19 पार्षदों को एकजुट रख पाते हैं या नहीं।
विज्ञापन


22 मई को नगर परिषद के चुनाव के बाद से ही चेयरमैन व वाइस चेयरमैन के लिए भाग दौड़ शुरू हो गई थी। इसके बाद से ही कई उम्मीदवार अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए प्रयासरत हैं। 31 में से करीब 8 पार्षद चेयरमैनी की दौड़ में शामिल हैं। भाजपा नेताओं द्वारा कई दौर की बातचीत के बाद चेयरमैन व वाइस चेयरमैन के लिए तीन-तीन नामों का पैनल बनाकर पार्टी हाईकमान को भेज दिया गया है। जिसमें से पार्टी द्वारा फैसला लेकर 27 जून को खुलासा किया जाएगा। अब देखना यह है कि पार्टी के फैसले पर ये पार्षद कितना फूल चढ़ाते हैं। वहीं यह भी बताया जा रहा है कि एक वरिष्ठ पार्षद के खुलकर भाजपा खेमे में आ जाने से कई उम्मीदवारों के समीकरण बदल गए हैं। अब नए सिरे से कई उम्मीदवार अपनी गोटियां फिट करने में जुट गए हैं।

19 पार्षद हुए रवाना
शनिवार सुबह साढ़े दस बजे लोक निर्माण विभाग विश्रामगृह से एक बस में भाजपा नेता अरुण सर्राफ, जिला अध्यक्ष सुभाष हजवाना, महामंत्री संजय भारद्वाज, प्रवक्ता राजरमन दीक्षित, भाजपा नेता मृत्युंजय मारुति शर्मा पार्षदों वार्ड नंबर 1 से किरण, 2 से विनोद सोनी, 6 से कुलदीप सैनी, 7 से रमा मित्तल, 8 से राकेश सरदाना, 9 से बबिता मित्तल, 10 से पूजा अग्रवाल, 12 से बलजीत सिंह, 14 से दीपक शर्मा, 16 से सीमा कश्यप, 19 से प्रवीण शर्मा, 21 से नरेश मित्तल, 22 से ज्योति सैनी, 23 से गोबिंद, 24 से महेंद्र थरेजा, 26 से संतोष, 27 से तृप्ता सचदेवा, 30 से यशपाल प्रजापत, 31 से आशा रानी पार्षदों को लेकर चंडीगढ़ रवाना हो गए। इसके अलावा ऐसी जानकारी भाजपा नेताओं द्वारा दी जा रही है कि महेंद्र थरेजा के भाई पवन थरेजा, पार्षद मोहन लाल शर्मा ने टूर पर न जाकर अपने समर्थन का वायदा किया है। लेकिन टूर पर 19 पार्षद ही गए हैं। जिनमें 9 महिला पार्षद भी शामिल हैं।
विज्ञापन


आज हो सकती है सीएम से मुलाकात
चंडीगढ़ गए पार्षदों की रविवार सुबह सीएम मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात हो सकती है। इसके बाद इन पार्षदों को किसी पर्यटन स्थल पर ले जाया जाएगा। जहां से सीधे सोमवार को नगर परिषद के चुनाव के समय परिषद कार्यालय में ही लाया जाएगा।

भाजपा नेता अरुण सर्राफ ने कहा कि भाजपा के पास चुनाव के लिए आवश्यक पार्षदों का समर्थन है। सभी पार्षद एकत्रित होकर सद्भावना टूर पर गए हैं।

वहीं एक अन्य गुट द्वारा फिलहाल 10 पार्षदों के समर्थन का दावा किया जा रहा है। ये पार्षद अभी सक्रिय नजर नहीं आ रहे हैं। लेकिन एक पार्षद का कहना है कि चुनाव के समय बड़ा उलटफेर भी हो सकता है। अब देखना यह है कि भाजपा की पार्षदों को टूर पर ले जाने की रणनीति कामयाब रहती है या फिर टूर पर न जाने वाले पार्षदों की कोई रणनीति सफल हो पाती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें