वॉलीबाल प्रतियोगिता पहले मैच में गांव बुच्ची, मुंदड़ी की टीम विजयी
पूंडरी। गांव बुच्ची में गुरु ब्रहानंद खेल क्लब द्वारा राज्य स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ गांव बुच्ची के सरपंच प्रतिनिधि एवं पूर्व सरपंच सुभाष चंद ने किया। प्रतियोगिता में प्रदेश भर से लगभग 20 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में सबसे पहले अभ्यास मैच खेला गया, जिसमें धेरडू 25-24 से यह मैच गांव बुच्ची की टीम को हराकर जीत लिया। सुभाष चंद ने इस मौके पर आए खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। क्लब के प्रधान पवन कुमार ने बताया कि पहला मैच गांव बुच्ची की टीम व मुन्नारेहड़ी की टीम के बीच खेला गया, जिसमें गांव बुच्ची की टीम ने 25-19 से यह मैच जीत लिया। एक अन्य मैच गांव मूंदड़ी की टीम व मंजूरा की टीम के बीच खेला गया, जिसमें मुंदड़ी की टीम ने यह मैच 25-20 से जीता और दोनों टीमों ने मैच जीतकर अगले चरण में प्रवेश किया। उन्होंने बताया कि 2 दिवसीय इस प्रतियोगिता में विजेता टीम को प्रथम पुरस्कार के रूप में 21 हजार व दूसरे स्थान पर रही टीम को द्वितीय पुरस्कार 15 हजार नकद राशि दी जाएगी। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में पवन कुमार, मनीष कुमार, विनोद कुमार, सुरेश कुमार, जसमेर सिंह, कृष्ण कुमार, राजेश कुमार, महेंद्र सिंह, रवि कुमार सहित अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।