पार्किंग कर्मियों ने दंपति से किया दुर्व्यवहार व मारपीट, महिला ने दुर्गा शक्ति एप पर बुलाई पुलिस
जिला अस्पताल के बाहर बाइक खड़ा कर रहे दंपति से उलझे ठेकेदार के कारिंदे, कई अन्य मरीजों व उनके तीमारदारों ने भी लगाया दुर्व्यवहार का आरोप
फोटो संख्या-1 व 2
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। जिला अस्पताल परिसर के बाहर बाइक खड़ा कर रहे एक दंपति के साथ पार्किंग के ठेकेदार के कारिंदों ने दुर्व्यवहार करते हुए मारपीट कर दी। महिला ने दुर्गा शक्ति एप पर फोन करके पुलिस को बुला लिया। जिसकी सूचना मिलते ही ठेकेदार के कारिंदे मौके से भाग खड़े हुए। घटना के कारण करीब एक घंटे तक जिला अस्पताल के बाहर हंगामा होता रहा। बाद में महिला ने इन युवकों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। जिसे सिविल लाइन पुलिस थाना भेज दिया गया है।
महिला ने बताया कि इलाज के लिए आए थे। बाइक गेट के बाहर साइड में लगाने लगे तो दो-तीन लड़के दौड़ कर आए। उन्होंने कहा कि यह हमारा एरिया है और बाइक को अंदर ले गए। हाथापाई करने लगे और बदतमीजी की। जबकि न वहां कोई नो पार्किंग लिखा है और न ही यह उनका एरिया है। वे गेट के बाहर बाइक खड़ी कर रहे थे। उन्होंने अस्पताल इंचार्ज से इस संबंध में पता किया तो उन्होंने भी कहा कि पार्किंग केवल अस्पताल के अंदर की है। बाहर कोई खड़ा करे तो वह उसका अपना रिस्क है। इसके बाद उन्होंने दुर्गा शक्ति एप पर सूचना दी। सूचना मिलते ही इंचार्ज सुनीता मौके पर पहुंची। उन्हें लिखित शिकायत दे दी है।
कई अन्य ने भी लगाए दुर्व्यवहार के आरोप : मौके पर कई अन्य लोगों ने भी कहा कि यहां पार्किंग में कार्यरत कुछ युवा गुंडों जैसा व्यवहार करते हैं। सीधा गला पकड़ते हैं और बाहर से युवकों को बुलाकर कई बार मारपीट तक उतारू हो जाते हैं। लोग इनसे बुरी तरह से पीड़ित हैं।
दुर्व्यवहार के आरोप गलत : वहीं ठेकेदार कर्मी संदीप ने कहा कि बाइक अस्पताल के बाहर मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर खड़ी की जा रही थी। लड़कों ने रोका तो बाइक सवार व उसके साथ आई महिला ने बहस की और पुलिस को बुला लिया। दुर्व्यवहार के आरोप गलत हैं। केवल बाइक खड़ा करने को लेकर टोका गया था।
दुर्गा शक्ति इंचार्ज सुनीता ने कहा कि शक्ति एप पर कॉल आई थी। मौके पर गए थे। शिकायतकर्ता महिला की शिकायत लेकर सिविल लाइन थाने में भेज दी गई है।
सिविल अस्पताल के पीएमओ ओमप्रकाश ने बताया कि विवाद के बारे में जानकारी मुझे शिकायतकर्ताओं से मिली। पार्किंग स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।