सरकार ने गेहूं की फसल के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी कर किसान हितैषी होने का प्रमाण दिया : वित्त मंत्री
कहा - पीएम देंगे हरियाणा को रेल कोच फैक्टरी का तोहफा
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 अक्टूबर को रोहतक के गढ़ी-सांपला में किसानों व मजदूरों के मसीहा चौधरी सर छोटू राम की 64 फुट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करेंगे व रेल कोच फैक्टरी का तोहफा देंगे। वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु लोक निर्माण विश्राम गृह में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा चौधरी सर छोटू राम की प्रतिमा का अनावरण करने से किसान व गरीब स्वयं को गौरवान्वित महसूस करेंगे। सर छोटू राम ने किसानों की जमीन का उन्हें मालिकाना हक दिलाया। मोदी द्वारा किसानों के कल्याण के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य निर्धारित करने हेतू नया फार्मूला देते हुए स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू करने की दिशा में महत्वपूर्ण फैसला लिया है। सरकार द्वारा गेहूं की फसल के न्यूनतम समर्थन मूल्य में 105 रुपये तथा बाजरे के न्यूनतम समर्थन मूल्य में 95 रुपये की बढ़ोत्तरी करके किसान हितैषी होने का प्रमाण दिया है। वित्त मंत्री ने कहा कि कर्मचारियों के हितों में सरकार द्वारा अनेक फैसले लिए गए तथा हरियाणा सातवां वेतन आयोग लागू करने वाला प्रथम राज्य बना। हरियाणा में स्मार्ट सिटी विकसित की जा रही है तथा हर बजट में वृद्धि की गई है। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना आयुष्मान भारत के तहत प्रदेश के साढ़े 15 लाख परिवारों के 70 लाख लोगों को 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा मुफ्त प्रदान किया गया है। इस मौके पर डीसी धर्मवीर सिंह, एसपी आस्था मोदी, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुर्जर, प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मपाल शर्मा, राजपाल तंवर, हरियाणा ग्रंथ अकादमी के उपाध्यक्ष विरेंद्र चौहान, शैली मुंजाल, सुरेश गर्ग नौच, राजेंद्र शर्मा स्लेटी, सुरेश क्योडक़, मनीष कठवाड़, कमलेश ढांडा, पूर्व विधायक लीला राम, संजय भारद्वाज मौजूद रहे।