अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। शनिवार की सुबह लोगों को घने कोहरे के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह दस बजे तक घना कोहरा छाया रहा। इस दौरान केवल 50 मीटर तक की दृश्यता रही। घने कोहरे के कारण वाहन रेंगते दिखाई दिए। सुबह पांच और छह बजे के बीच मौसम साफ था। लेकिन सुबह सात बजे के बाद अचानक घना कोहरा छा गया।
मौसम विभाग के अनुसार अभी तीन दिनों तक तापमान में गिरावट के साथ घना कोहरा रहने की संभावना है। जिसके चलते अभी लोगों को काफी परेशानियां हो सकती हैं। शनिवार को अधिकतम तापमान में साढ़े तीन सेल्सियस डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं न्यूनतम तापमान में भी 1.5 सेल्सियस डिग्री की गिरावट हुई।
मौसम विभाग के कर्मचारी बलबीर सिह ने बताया कि शनिवार को अधिकतम तापमान 19.5 सेल्सियस डिग्री रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 5.5 सेल्सियस डिग्री दर्ज किया गया। अभी अगले तीन दिनों तक तापमान में यूं ही गिरावट जारी रहेगी। इससे लोगों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ेेगी।
गेंहू की फसल को बंपर फायदा:-
मौसम विभाग के अनुसार गेहूं को काफी फायदा मिलेगा। इससे किसानों को भरपूर फायदा होगा। तापमान में कमी व कोहरे से गेंहू की बालियां जल्द पकेगी। जिससे अधिक पैदावार होगी।
कोहरे से वाहनों की रफ्तार पर लगी ब्रेक
राजौंद। कोहरे ने एक बार सर्दी के इस मौसम में दस्तक देकर वाहनों की रफ्तार को ब्रेक लगा दिया। 12 बजे तक भी वाहन चालक लाइटें जलाकर चलते देखे गए। चाहे गांव हो या नगर संपर्क मार्ग हो या मुख्य मार्ग हर जगह तेज रफ्तार में चलने वाले वाहन मंद गति से रेंगते नजर आ रहे थे। इतना ही नहीं सुबह 11 बजे तक वाहन चालकों के लिए दृश्यता काफी कम थी, जिससे हर कोई वाहन चालक लाइटें जलाकर चलने को विवश था। किसान वर्ग में कोहरे की कमी के चलते अभी से बेचैनी दिखाई दे रही है। यदि कोहरा इसी प्रकार कम रहा तो गेहूं की फसल भी प्रभावित हुए बिना नही रह पाएगी। दिन में धूप खिलती है और सुबह शाम व रात को सर्दी का आगाज शुरू होता है।
कोहरे ने किया सुबह परेशान, दस बजे तक छाया रहा घना कोहरा
वाहन चालकों को हुई बड़ी परेशानियां
50 मीटर तक रही धुंध की दृश्यता, बढ़ी ठंड
फोटो नंबर-35