100 नंबर पर 100 बार फोन मिलाने पर भी नहीं उठता
शहर के कई वार्डों में अवैध खुर्दों की समस्या, शिकायतों पर पुलिस लेटलतीफी जैसी बातों का जवाब नहीं दे पाए डीएसपी जवाब
चुनाव के दौरान शांति व सहयोग के लिए बुलाए थे पार्षद व सरपंच
डीएसपी को करना पड़ा कड़े सवालों का सामना
फोटो नंबर-01 व 02
कमल बहल
कैथल। लोकसभा चुनाव को लेकर बुधवार को पुलिस प्रशासन की ओर से शांति एवं सौहार्द के लिए बुलाई गई बैठक में डीएसपी कुलभूषण को पार्षदों, सरपंचों व गणमान्य लोगों के कड़े सवालों का सामना करना पड़ा। जिस कारण लोग परेशान नजर आ रहे थे। डीएसपी ने कहा कि आगे से उन्हें समस्या नहीं आएगी। पार्षदों ने शहर में अवैध खुर्दों, 100 नंबर पर कॉल रिसीव ना होने सहित शिकायतों पर पुलिस द्वारा लंबे समय तक कार्रवाई न किए जाने जैसी शिकायतें कीं।
बुधवार को थाना शहर में चुनाव को लेकर मौजिज लोगों की बैठक बुलाई गई थी। जिसमें डीएसपी कुलभूषण ने लोगों से चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की थी। जब बारी लोगों की बात रखने की आई तो कई लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए।
पुलिस को हमलावर बता दिए, लेकिन पुलिस ने पकड़ा नहीं : बैठक की शुरुआत में ही गांव पट्टी खोत के सरंपच प्रतिनिधि अजय ने कहा कि मंगलवार रात को उस पर व उसके भतीजे पर हमला कर दिया गया। वे पुलिस अधिकारियों को ढेड़ घंटे तक फोन मिलाते रहे, लेकिन उनकी कॉल ही रिसीव नहीं की गई। इतना ही नहीं जब पुलिस यहां पहुंची तो यहां पर दो आरोपी पुलिस के सामने मौजूद थे। लेकिन कर्मचारियों ने कहा कि जब एसएचओ साहब कहेंगे, तभी पकड़ेंगे। डीएसपी साहब, क्या पुलिस ऐसे की सरपंच व पार्षदों को पिटवाती रहेगी? हालांकि एसएचओ सिटी ने इस बात पर जवाब दिया कि उन्हें मीटिंग के दौरान इस बात की सूचना मिली थी और 15 मिनट के बाद ही पुलिस मौके पर भेज दी थी।
नहीं उठता फोन : वार्ड नंबर 28 के पार्षद मोहन शर्मा ने कहा कि शिकायत दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की जाती। दो महीने पहले 10 जनवरी को एक निजी स्कूल की मनमानी के चलते बस के एटेंडेट ने तीन साल की बच्ची को गली में छोड़ने की बजाय मुख्य सड़क पर छोड़ दिया। जब वह बच्ची अपने घर जाने लगी तो वह पांच फुट गहरे गड्ढे में गिर गई। लेकिन गनीमत यह रही कि एक दुकानदार की नजर पड़ने पर बच्ची को उसने बचा लिया। जिसके बाद पुलिस में स्कूल प्रशासन की लापरवाही की शिकायत दी है। लेकिन दो महीने के बाद भी स्कूल पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। 100 नंबर पर 100 बार फोन करो, तब भी फोन रिसीव नहीं होता। इसके साथ ही चंदाना गेट पर हर गली व मोहल्ले में जगह-जगह शराब के अवैध खुर्दे खुले हुए हैं। लेकिन पुलिस इस पर मौन है।
नगर परिषद के वाइस चेयरमैन डॉ. पवन थरेजा ने कहा कि सरपंच पर हमले के दौरान तुरंत सुनवाई होनी चाहिए।
स्मैक के कारण हो रही है युवा पीढ़ी बर्बाद : पार्षद ने कहा कि शहर में स्मैक के कारण युवा पीढ़ी खराब हो रही है। इस ओर ध्यान दिया जाए।
चुनाव में सोशल मीडिया पर सतर्क रहने के लिए किया जागरूक : इस बैठक में डीएसपी कुलभूषण ने जन प्रतिनिधियों के साथ लोकसभा चुनाव को लेकर शांति व भाईचारा बनाए रखने का आह्वान किया। डीएसपी ने जन प्रतिनिधियों से आह्वान करते हुए कहा कि सभी जन प्रतिनिधि चुनाव के दौरान अफवाहों से बचे। ताकि चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न हो। यदि कोई भी कार्यकर्ता वोटरों को रुपये या शराब का लालच देकर वोट डलवाने का प्रयास करें तो उसकी सूचना तुंरत प्रशासनिक अधिकारियों व चुनाव आयोग को दें। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भी ध्यान रखें जिससे कोई अफवाह न फैलें। इस पर डीएसपी कुलभूषण ने बताया कि चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों को लेकर साइबर सेल की टीमें गठित की गई हैं। यदि इस दौरान कोई भी भड़काऊ मैसेज आएगा तो उसे ट्रैक कर अपराधी की पहचान कर ली जाएगी।
डीएसपी कुलभूषण ने कहा कि वे अभी इस शहर में नए आए हैं। यह परिचायक मीटिंग थी। मीटिंग में शहर के गणमान्य लोगों ने जो समस्याएं बताई हैं। उन पर गौर किया जाएगा। पूरा प्रयास किया जाएगा कि भविष्य में किसी भी जनप्रतिनिधि या आम जन को कोई परेशानी न हो। चुनाव के दौरान पार्षद, सरपंच व अन्य गणमान्य व्यक्तियों की सामाजिक सद्भाव व शांति बनाए रखने में अहम भूमिका रहती है। पुलिस व आम जन में सहयोग के लिए यह बैठक आयोजित की गई। जिसमें गणमान्य लोगों ने महत्वपूर्ण विषयों की ओर भी ध्यान दिलवाया है। एसएचओ सिटी प्रदीप कुमार ने कहा कि अपराधियों को किसी भी रूप में बख्शा नहीं जाएगा और निर्दोष लोग परेशान नहीं होंगे। कोई भी आपराधिक घटना या वारदात की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें। आपसी तालमेल बनाए रखें।
बैठक में यह रहे मौजूद : बैठक में पार्षद विरेंद्र उर्फ बिल्लू, विनोद सोनी, डॉ. पवन थरेजा, ज्योति सैनी, गोपाल सैनी, मोहन शर्मा, पार्षद प्रतिनिधि मोहन नायक, हरीश सचदेवा, वरिष्ठ नागरिक टेकचंद वर्मा, रुलदू राम, समाजसेवी श्याम बहादुर खुरानियां, आरएसओ विक्की शर्मा, सरपंच संजीव सिंह, अजय, पंच महेश्वर, राजेंद्र सिंह, राकेश शर्मा, पुलिस कर्मचारी राजकुमार सहित अन्य मौजूद रहे।