हड़ताल के दौरान गैर हाजिर रहने वाले अनुबंध पर लगे चार चालक बर्खास्त
- नियुक्ति के दौरान किया था दो साल बाद अनुबंध बढ़ाने का आश्वासन, रोडवेज की यूनियनें आज करेंगी दो घंटे का आंशिक प्रदर्शन
फोटो नंबर-14
अमर उजाला ब्यूरो
कैथल। सरकार द्वारा हड़ताल के दौरान गैर हाजिर रहने पर रोडवेज विभाग में अनुबंध पर लगे चालकों को हटाने का फैसला लिया है। जिसमें से 4 कैथल के चालक भी शामिल हैं। कर्मचारियों को हटाए जाने के फैसले का रोडवेज की यूनियनों कड़ा विरोध किया है। यूनियन के कर्मचारियों का कहना है कि सरकार ने नियुक्ति के दौरान इन कर्मचारियों का दो साल बाद अनुबंध बढ़ाने का आश्वासन दिया था। लेकिन अब इन्हें निकालने का फैसला लिया है। जो रोडवेज कर्मचारियों के साथ एक भद्दा मजाक है।
डिपो में बसों को चलाने में बढ़ेगी परेशानी : हरियाणा कर्मचारी महासंघ के जिला सचिव व रोडवेज कर्मचारी बलवान कुंडू ने बताया कि सरकार ने हाल ही में डिपो में कुछ चालकों को भर्ती किया है। लेकिन बसों के मुताबिक उनका कोरम पूरा हो गया। अब अनुबंध पर लगे कर्मचारियों को हटा सरकार ने रोजगार छीनने का काम किया है। अब डिपो की चार बसों के पहिए नहीं घूम सकेंगे।
रोडवेज की यूनियनें आज करेंगी दो घंटे का आंशिक प्रदर्शन : सरकार के इस फैसले के विरोध में सोमवार को रोडवेज की सभी यूनियनें रोडवेज तालमेल कमेटी के आह्वान पर दो घंटे का आंशिक प्रदर्शन भी करेगी। जिसमें सरकार को चेताया जाएगा।
नियमों के तहत फैसला : रोडवेज विभाग के जीएम रामकुमार भुक्कल ने कहा कि सर कार के फैसले के मुताबिक चार चालक प्रदीप, विरेंद्र, तेजिंद्र व प्रदीप को हटाने के आदेश आए है। जिसके तहत यह कार्रवाई की गई है।