वाहन खड़ा करने को लेकर हुए झगड़े में एक घायल
कैथल। वाहन खड़ा करने को लेकर हुए झगड़े में एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में माता गेट निवासी रामपाल ने बताया कि वह बिल्डिंग मैटीरियल की दुकान चलाता है। चीका बाइपास कैथल पर दुकान का काम निपटाने के बाद घर आया था। मेरे घर से पहले गली में गुलाब सिंह वर्मा का मकान आता है। उसके लडक़े गली में ही बीच में अपनी मोटरसाइकिल व गाड़ी खड़ी कर देते हैं। कई बार उक्त युवकों को ऐसा न करने के लिए कहा, लेकिन वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। 31 अक्तूबर जब दुकान से घर के लिए निकला तो गली में पहुंचने पर सोनू व प्रवीण ने मोटरसाइकिल खड़ी की हुई थी। घर का मुख्य दरवाजा खोलने लगा तो आरोपी ने उस पर हमला कर दिया। नाक पर गंडासी लगने से उसे काफी चोट आई। सोनू वर्मा, प्रवीण, कुनाल व विक्की वर्मा ने भी चोट मारी। बीच-बचाव में आए उसके भाई जसमेर को भी चोट मारी। बाद में सूचना मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।